Top
Begin typing your search above and press return to search.

'किसी का भाई किसी की जान' के तीन साल पूरे, सिद्धार्थ निगम ने सलमान के लिए लिखा खास नोट

अभिनेता सिद्धार्थ निगम ने क्राइम-सस्पेंस वेब सीरीज 'कप्तान' से ओटीटी में डेब्यू किया है। इस सीरीज में वे एक निगेटिव किरदार में नजर आ रहे हैं, जिसे दर्शकों की तरफ से काफी सराहना मिल रही है

किसी का भाई किसी की जान के तीन साल पूरे, सिद्धार्थ निगम ने सलमान के लिए लिखा खास नोट
X

मुंबई। अभिनेता सिद्धार्थ निगम ने क्राइम-सस्पेंस वेब सीरीज 'कप्तान' से ओटीटी में डेब्यू किया है। इस सीरीज में वे एक निगेटिव किरदार में नजर आ रहे हैं, जिसे दर्शकों की तरफ से काफी सराहना मिल रही है। ऐसी ही सराहना उन्हें सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' के लिए मिली थी।

इस फिल्म में उन्होंने सलमान के छोटे भाई की भूमिका निभाई थी। मंगलवार को फिल्म ने रिलीज के तीन साल पूरे कर लिए।

इस अवसर पर अभिनेता ने इंस्टाग्राम के जरिए यादों को फिर से ताजा किया। अभिनेता ने फिल्म की टीम के साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इनमें फिल्म की शूटिंग से लेकर प्रमोशन की तस्वीरें शामिल हैं।

अभिनेता ने सलमान खान के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए लिखा, "'किसी का भाई किसी की जान' के रिलीज हुए तीन साल पूरे होने की शुभकामनाएं। सलमान सर, मुझे हमेशा मार्गदर्शन और प्यार देने के लिए शुक्रिया। आपके साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका देने के लिए मैं आपका आभारी हूं।"

साल 2023 में रिलीज हुई एक्शन-कॉमेडी फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' का निर्देशन फरहाद सामजी ने किया था। यह तमिल फिल्म 'वीरम' (2014) की रीमेक है। फिल्म की कहानी सलमान खान के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने भाइयों की शादी करवाने के लिए अपनी प्रेमिका (पूजा हेगड़े) के परिवार से दुश्मनी मोल लेता और उन्हें बचाने के लिए लड़ता है।

फिल्म में सलमान खान, राघव जुरैल, जस्सी गिल, पूजा हेगडे़ और सिद्धार्थ निगम के अलावा, वेंकटेश, जगपति बाबू, भूमिका चावला, शहनाज गिल और पलक तिवारी जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया और देवी श्री प्रसाद ने दिया था।

फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली थी, जिसमें एक्शन और मनोरंजन को पसंद किया गया, लेकिन कमजोर पटकथा के कारण काफी आलोचना भी झेलनी पड़ी थी।

सिद्धार्थ इन दिनों कप्तान में अपनी भूमिका को लेकर प्रशंसा बटोर रहे हैं। इस सीरीज का निर्देशन जतिन वागले ने किया है और यह बावेजा स्टूडियो द्वारा निर्मित है। सीरीज में सिद्धार्थ के साथ साकिब सलीम, कविता कौशिक और अंकुर शर्मा भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it