Top
Begin typing your search above and press return to search.

‘हनुमान अंश’ की कमाई ने चौंकाया, नीम करौली बाबा की कहानी को मिला दर्शकों का प्यार; प्रेमानंद महाराज ने मेकर्स को दी थी खास सलाह

‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन करीब 10 लाख रुपये की कमाई की। शुरुआती तीन दिनों में इसका कलेक्शन लगभग 64 लाख रुपये तक ही पहुंच पाया। रिलीज के बाद करीब दो सप्ताह तक फिल्म की कमाई लाखों के दायरे में ही रही।

‘हनुमान अंश’ की कमाई ने चौंकाया, नीम करौली बाबा की कहानी को मिला दर्शकों का प्यार; प्रेमानंद महाराज ने मेकर्स को दी थी खास सलाह
X

नई दिल्ली: Premanand Maharaj on Hanuman Ansh: फिल्मों की सफलता का कोई तय फॉर्मूला नहीं होता। कई बार बड़े बजट और जोरदार प्रचार के बावजूद फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाती, जबकि सीमित स्क्रीन और कम प्रचार वाली फिल्म धीरे-धीरे दर्शकों के बीच अपनी जगह बना लेती है। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की फिल्म ‘हनुमान अंश’ के साथ भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित इस फिल्म ने शुरुआती दिनों में धीमी शुरुआत की, लेकिन बाद में दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने इसकी कमाई को अचानक रफ्तार दे दी।

पहले दिन सिर्फ 10 लाख, फिर बदली तस्वीर

‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन करीब 10 लाख रुपये की कमाई की। शुरुआती तीन दिनों में इसका कलेक्शन लगभग 64 लाख रुपये तक ही पहुंच पाया। रिलीज के बाद करीब दो सप्ताह तक फिल्म की कमाई लाखों के दायरे में ही रही। हालांकि, 23 अगस्त के बाद फिल्म के कारोबार में बड़ा बदलाव देखने को मिला। उस दिन फिल्म की कमाई में 171.58 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और कलेक्शन करीब 2.58 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसके बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया बढ़ती गई और फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर लगातार फायदा मिलने लगा।

‘टॉक्सिक’ के सामने भी मजबूत प्रदर्शन

वर्ड ऑफ माउथ का असर ऐसा रहा कि फिल्म ने बाद के दिनों में उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया। रिपोर्ट के मुताबिक, बीते रविवार को ‘हनुमान अंश’ ने करीब 13 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। सोमवार तक फिल्म की कुल कमाई 47.64 करोड़ रुपये पहुंच गई। खास बात यह है कि फिल्म का निर्माण करीब 1.8 करोड़ रुपये के बजट में हुआ है। ऐसे में मौजूदा कलेक्शन इसके निर्माताओं के लिए बड़ी व्यावसायिक सफलता माना जा रहा है। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी भी फिल्म की कमाई को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने हाल में कहा था कि वह अब बॉक्स ऑफिस के आंकड़े देखना तक बंद कर चुके हैं।

फिल्म से पहले प्रेमानंद महाराज से लिया मार्गदर्शन

फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नगर ने ‘हनुमान अंश’ बनाने से पहले आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद और मार्गदर्शन लिया था। उनका मकसद नीम करौली बाबा जैसे आध्यात्मिक व्यक्तित्व के जीवन को पर्दे पर प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी को बेहतर तरीके से समझना था। अनुप्रिया ने उनसे सवाल किया था कि अगर कोई व्यक्ति धार्मिक भावना के साथ फिल्म बनाता है तो क्या इसे भी सेवा का माध्यम माना जा सकता है। इस पर प्रेमानंद महाराज ने कहा था कि किसी महान संत या आध्यात्मिक व्यक्ति के जीवन को फिल्म के माध्यम से प्रस्तुत करना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।

‘लोकप्रियता के लिए कहानी में कुछ न जोड़ें’

प्रेमानंद महाराज ने मेकर्स को सलाह दी थी कि फिल्म में आध्यात्मिक व्यक्तित्व के चरित्र को मनोरंजन के लिए बदलने या ऐसी बातें जोड़ने से बचना चाहिए, जिनकी पुष्टि न हो। उनके अनुसार, ऐसे जीवन को पर्दे पर दिखाने का उद्देश्य दर्शकों के भीतर भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की भावना पैदा करना होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि किसी सिद्ध संत की आध्यात्मिक अवस्था की हूबहू नकल करना संभव नहीं है। इसलिए फिल्मकारों को उपलब्ध जानकारी, अध्ययन और अनुभव के आधार पर ईमानदारी से कहानी प्रस्तुत करनी चाहिए।

कलाकारों और टीम की भी अहम भूमिका

प्रेमानंद महाराज ने फिल्म से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं को अनुशासन, आध्यात्मिक अध्ययन और संतों की जीवनियों को पढ़ने की सलाह भी दी थी। उनका कहना था कि ऐसे किरदार को निभाने के लिए कलाकार को केवल अभिनय ही नहीं, बल्कि उस व्यक्तित्व की विचारधारा और जीवन-दृष्टि को समझने का प्रयास भी करना चाहिए।

ये कलाकार आए नजर

‘हनुमान अंश’ का लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिना डब्ल्यू. सत्य, विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। फिल्म का निर्माण रागिनी एस., नम्रता जी. सिंह, अनुप्रिया ए. नगर और विशाल चतुर्वेदी ने किया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it