Top
Begin typing your search above and press return to search.

गोविंदा ने सुनीता आहूजा के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी, बोले- 'कामयाबी के लिए अपनों को बदनाम करना जरूरी है क्या?'

गोविंदा की निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पिछले कुछ समय से अभिनेता के कथित अफेयर्स को लेकर कई बयान दे चुकी हैं। अब गोविंदा ने इन बातों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

गोविंदा ने सुनीता आहूजा के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी, बोले- कामयाबी के लिए अपनों को बदनाम करना जरूरी है क्या?
X

मुंबई: हिंदी सिनेमा के 'हीरो नंबर 1' कहे जाने वाले अभिनेता गोविंदा अपने दौर के उन सितारों में रहे हैं, जिनकी फिल्मों के साथ-साथ उनके गाने और डांस भी दर्शकों के बीच खासे लोकप्रिय रहे। अब अभिनेता ने अपने फिल्मी करियर और निजी जिंदगी से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर बात की है। एक हालिया इंटरव्यू में गोविंदा ने बताया कि उन्हें अपने करियर की शुरुआत से ही अंदाजा था कि उनकी फिल्मों की सफलता से ज्यादा उनके गाने और स्क्रीन पर उनकी जोड़ी दर्शकों को पसंद आएगी। इसी बातचीत में उन्होंने पत्नी सुनीता आहूजा की ओर से लगाए गए कथित अफेयर के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी।

गोविंदा बोले- गाने और स्क्रीन के रिश्ते पर था भरोसा

अपने फिल्मी सफर को याद करते हुए गोविंदा ने कहा कि उन्हें पहले से पता था कि उनकी सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं होंगी, लेकिन उनके गाने जरूर दर्शकों के बीच चलेंगे। उनका मानना था कि फिल्मों के गीतों में उनकी और अभिनेत्री की जोड़ी दर्शकों के सामने एक प्यारा रिश्ता पेश करेगी। गोविंदा के करियर में कई ऐसे गाने रहे, जो फिल्मों की कहानी से अलग भी अपनी पहचान बनाने में सफल रहे। अभिनेता ने इन्हीं यादों को साझा करते हुए अपने सबसे पसंदीदा गीत का भी जिक्र किया।

'सरकाई लो खटिया...' को बताया करियर का खास गाना

गोविंदा ने 'राजा बाबू' के चर्चित गाने 'सरकाई लो खटिया...' को अपने करियर का सबसे अच्छा गाना बताया। इस गाने में उनके साथ करिश्मा कपूर नजर आई थीं। गाने की शूटिंग से जुड़ा किस्सा बताते हुए गोविंदा ने कहा कि उन्होंने करिश्मा को पहले ही बता दिया था कि इस गाने को देखने के बाद फिल्म की बाकी चीजों से ज्यादा तालियां इस गाने के लिए बजेंगी। अभिनेता ने शूटिंग के दौरान निर्देशक डेविड धवन के साथ हुई बातचीत को भी याद किया। उनके मुताबिक, कैमरा रोल होने के बाद उन्होंने अचानक ऐसा मूव किया, जिसकी निर्देशक ने उम्मीद नहीं की थी। गोविंदा ने बताया कि उन्होंने हवा में बाईं तरफ घूमते हुए करिश्मा के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने वाला मूव किया था। उनके अनुसार, डेविड धवन को डर था कि इस दौरान उन्हें चोट लग सकती थी।

सुनीता के आरोपों पर गोविंदा ने क्या कहा?

गोविंदा की निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पिछले कुछ समय से अभिनेता के कथित अफेयर्स को लेकर कई बयान दे चुकी हैं। अब गोविंदा ने इन बातों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता ने कहा कि सार्वजनिक तौर पर उनके बारे में नकारात्मक बातें करने से सुनीता को स्टारडम मिल रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कामयाबी हासिल करने के लिए दूसरों को बदनाम करना जरूरी है। गोविंदा ने सुनीता के आरोपों को लेकर कहा कि वह उन्हें प्यार से डांटती हैं और उनके साथ उनके रिश्ते में अपनापन है। उन्होंने यह भी कहा कि जिंदगी में हर व्यक्ति की अपनी भूमिका होती है और उनके आसपास मौजूद लोगों के योगदान के बिना उनकी सफलता संभव नहीं होती।

'दूरी बनाने के लिए आरोप लगाना जरूरी नहीं'

गोविंदा ने यह भी सवाल उठाया कि अगर किसी रिश्ते में दूरी बनानी हो तो क्या उसके लिए सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कई बातें ऐसी होती हैं, जिन्हें सार्वजनिक रूप से बताने की जरूरत नहीं होती। अभिनेता ने कहा कि कामयाबी के लिए अपने ही लोगों की बुराई करना उन्हें आसान रास्ता लगता है। उन्होंने सुनीता के व्यवहार को लेकर कहा कि वह कई बार उनकी तारीफ करती हैं और फिर कोई एक बात नकारात्मक कह देती हैं। गोविंदा के मुताबिक, उन्हें इस पूरे व्यवहार में भी ज्यादा प्यार नजर आता है।

सुनीता ने अफेयर्स को लेकर किया था दावा

सुनीता आहूजा हाल ही में 'लॉक अप 2' की कंटेस्टेंट बनी थीं। शो के दौरान उन्होंने गोविंदा की निजी जिंदगी और उनके कथित अफेयर्स पर बात की थी। उन्होंने दावा किया था कि गोविंदा की जवानी के दिनों में कई अफेयर्स रहे हैं और उस समय उन्होंने कई चीजों को नजरअंदाज किया था, लेकिन अब वह ऐसा नहीं करेंगी। इन बयानों के बाद गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में काफी चर्चा हुई।

1987 में हुई थी गोविंदा और सुनीता की शादी

गोविंदा और सुनीता आहूजा ने 1987 में शादी की थी। उस समय गोविंदा बॉलीवुड स्टार बन चुके थे। दोनों ने गोविंदा के करियर को बचाने के लिए करीब दो साल तक शादी की बात छिपाकर रखी। बेटी टीना आहूजा के जन्म के बाद उन्होंने शादी को सार्वजनिक किया था। इसके बाद दोनों के बेटे यशवर्धन आहूजा का जन्म हुआ।

कोमल के साथ नजर आए गोविंदा

अफेयर की चर्चाओं के बीच गोविंदा को हाल ही में अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकर के साथ एयरपोर्ट पर स्पॉट किए जाने की बात सामने आई। कोमल का नाम पहले भी सुनीता के बयानों में आया था। सुनीता ने कथित तौर पर कोमल को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए यहां तक कहा था कि उन्हें 'कोमल' नाम से नफरत है। हालांकि, गोविंदा ने अपने हालिया बयान में किसी कथित रिश्ते की पुष्टि नहीं की है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it