‘टटीरी’ गाने पर बढ़ा विवाद, गिरफ्तारी की तैयारी, बादशाह ने मांगी माफी, हरियाणा महिला आयोग ने तलब किया
‘टटीरी’ गाने के रैप हिस्से में कथित तौर पर कुछ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिन्हें कई लोगों ने आपत्तिजनक और महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताया है। इसके अलावा गाने के वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी लड़कियों को बैग फेंकते हुए दिखाने और हरियाणा रोडवेज की बस के इस्तेमाल को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है।

कुरुक्षेत्र/चंडीगढ़: बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह का नया गाना ‘टटीरी’ इन दिनों विवादों में घिर गया है। गाने में इस्तेमाल किए गए कथित आपत्तिजनक शब्दों और लड़कियों से जुड़े दृश्यों को लेकर हरियाणा में विरोध तेज हो गया है। इस मामले में हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि बेटियों के लिए घटिया शब्द इस्तेमाल करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रेणु भाटिया ने रविवार को कुरुक्षेत्र में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बादशाह को 13 मार्च को पानीपत में महिला आयोग के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस तरह की सामग्री दोबारा सामने आई तो हरियाणा में बादशाह के कार्यक्रमों की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा, “बेटियों के लिए घटिया शब्द बोलने वाले को हम बादशाह नहीं रहने देंगे। वह अपने घर का बादशाह होगा, हरियाणा में नहीं।”
गाने में स्कूल ड्रेस और बस के दृश्य पर आपत्ति
‘टटीरी’ गाने के रैप हिस्से में कथित तौर पर कुछ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिन्हें कई लोगों ने आपत्तिजनक और महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताया है। इसके अलावा गाने के वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी लड़कियों को बैग फेंकते हुए दिखाने और हरियाणा रोडवेज की बस के इस्तेमाल को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। विरोध बढ़ने के बाद पुलिस ने पंचकूला और जींद में बादशाह के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। एक नोटिस भी जारी किया गया है, जिसमें सिंगर-रैपर को पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। टीमें उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने एक ट्वीट में इसकी पुष्टि की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी की तैयारी और यूट्यूब से हटाया गया गाना
हरियाणा पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि बादशाह की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की जा सकती हैं और जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया जा सकता है। विवाद बढ़ने के बाद गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति इस गाने पर सोशल मीडिया पर रील या अन्य वीडियो बनाता है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
#Watch | Rapper Badshah Apologises Over Controversial Haryanvi Song ‘Tateere#badshahcontroversy #haryanvisong #Tateere #badshahapologises pic.twitter.com/0oe8ofGf58
— The Savera Times (@thesavera_times) March 7, 2026
#Watch | Rapper Badshah Apologises Over Controversial Haryanvi Song ‘Tateere#badshahcontroversy #haryanvisong #Tateere #badshahapologises pic.twitter.com/0oe8ofGf58
— The Savera Times (@thesavera_times) March 7, 2026बादशाह ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद रैपर बादशाह ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी और लोगों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनके गाने के कुछ बोल और दृश्य से हरियाणा के कुछ लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, जिसके लिए वह खेद प्रकट करते हैं। बादशाह ने कहा, “मैं खुद हरियाणा से हूं। मेरा कभी भी उद्देश्य नहीं था कि हरियाणा के किसी बच्चे या महिला के बारे में ऐसी बेहूदी बात कहूं। अगर मेरे गाने के किसी हिस्से से किसी को बुरा लगा हो तो मुझे हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर दीजिए।” उन्होंने यह भी कहा कि वह हिप-हॉप जॉनर से जुड़े कलाकार हैं, जहां कई बार गानों के बोल प्रतिस्पर्धा के संदर्भ में लिखे जाते हैं।
सिमरन जागलान के परिवार ने दी सफाई
गाने में फीमेल वोकल देने वाली कैथल की सिमरन जागलान के पिता और हरियाणवी सिंगर कर्मबीर फौजी ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने केवल अपनी लाइनें रिकॉर्ड कर बादशाह की टीम को भेजी थीं और उन्हें गाने के रैप हिस्से की जानकारी पहले से नहीं थी। कर्मबीर फौजी के अनुसार गाना रिलीज होने के बाद ही उन्हें पता चला कि रैप में कुछ ऐसे शब्द हैं जिन पर लोगों ने आपत्ति जताई है। उन्होंने बताया कि विवाद के बाद उन्होंने बादशाह की टीम से बात की और स्पष्ट कहा कि अगर गाना दोबारा रिलीज किया जाए तो उसकी वर्डिंग बदली जानी चाहिए।
‘गाना हिट हुआ इसलिए बढ़ा विवाद’
कर्मबीर फौजी का कहना है कि गाना रिलीज होते ही काफी लोकप्रिय हो गया और संभवतः इसी वजह से विवाद भी बढ़ा। उन्होंने कहा कि गाने में हरियाणवी भाषा के बोल होने के कारण लोगों को यह पसंद आया और परिवार को भी खुशी थी कि उनकी बेटी की आवाज बॉलीवुड स्तर तक पहुंची। हालांकि रैप हिस्से में कुछ शब्दों को लेकर समाज में नाराजगी सामने आई।
शूटिंग और बस के इस्तेमाल की जानकारी नहीं
कर्मबीर फौजी ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें गाने की शूटिंग या वीडियो में हरियाणा रोडवेज बस के इस्तेमाल की कोई जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक सिमरन ने केवल गाना रिकॉर्ड किया था और उसे टीम को भेज दिया था। गाने की डबिंग कैथल और मुंबई में अलग-अलग जगहों पर हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में जिस स्कूल को “बादशाला” के रूप में दिखाया गया है, उसके बारे में भी उन्हें पहले कोई जानकारी नहीं थी और संभवतः यह एडिटिंग के जरिए बनाया गया दृश्य है।
समाज में भाषा और संस्कृति पर बहस
इस पूरे विवाद ने एक बार फिर गानों में इस्तेमाल होने वाली भाषा और सामाजिक मर्यादाओं को लेकर बहस छेड़ दी है। कई सामाजिक संगठनों का कहना है कि मनोरंजन के नाम पर ऐसी सामग्री स्वीकार नहीं की जा सकती जो महिलाओं या समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाए। वहीं कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और आधुनिक संगीत शैली का हिस्सा बताते हुए अलग राय भी रख रहे हैं। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और 13 मार्च को महिला आयोग के सामने बादशाह की पेशी के बाद आगे की स्थिति साफ होने की संभावना है।


