Top
Begin typing your search above and press return to search.

कॉकरोच जनता पार्टी: 11.4M फॉलोअर्स में दीया मिर्जा, कोंकणा, अनुराग कश्‍यप समेत सेलेब्‍स की लंबी लिस्‍ट

इस व्यंग्यात्मक राजनीतिक अभियान ने युवाओं के बीच खास लोकप्रियता हासिल की है। इंस्टाग्राम रील्स, मीम पेजों और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर इससे जुड़े पोस्ट लगातार वायरल हो रहे हैं। बड़ी संख्या में युवा खुद को मजाकिया अंदाज में इस “पार्टी” का सदस्य बता रहे हैं।

कॉकरोच जनता पार्टी: 11.4M फॉलोअर्स में दीया मिर्जा, कोंकणा, अनुराग कश्‍यप समेत सेलेब्‍स की लंबी लिस्‍ट
X

नई दिल्‍ली: पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में रहा है -‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP)। शुरुआत में इसे लोगों ने एक मजाक या मीम पेज समझा, लेकिन देखते ही देखते यह इंटरनेट पर बड़े डिजिटल आंदोलन की तरह उभर आया। महज छह दिनों में इस इंस्टाग्राम पेज के फॉलोअर्स करोड़ों तक पहुंच गए और यह सोशल मीडिया पर सबसे चर्चित ऑनलाइन अभियानों में शामिल हो गया। इस व्यंग्यात्मक राजनीतिक अभियान ने युवाओं के बीच खास लोकप्रियता हासिल की है। इंस्टाग्राम रील्स, मीम पेजों और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर इससे जुड़े पोस्ट लगातार वायरल हो रहे हैं। बड़ी संख्या में युवा खुद को मजाकिया अंदाज में इस “पार्टी” का सदस्य बता रहे हैं।

राजनीतिक दलों के सोशल मीडिया आंकड़ों से आगे निकला ट्रेंड

सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके फॉलोअर्स की संख्या कई प्रमुख राजनीतिक दलों के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट्स के बराबर या उससे अधिक पहुंच गई। इंस्टाग्राम पर कांग्रेस के सबसे ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जबकि भाजपा दूसरे स्थान पर है। इसी बीच CJP ने बेहद कम समय में करोड़ों यूजर्स का ध्यान खींच लिया। इंटरनेट यूजर्स इसे मौजूदा सिस्टम और युवाओं की निराशा पर आधारित डिजिटल व्यंग्य मान रहे हैं।

इंस्‍टाग्राम पर किस राजनीतिक पार्टी के कितने फॉलोअर्स

भारतीय राष्‍ट्रीय कांग्रेस - 13.3M

भारतीय जनता पार्टी - 8.7M

आम आदमी पार्टी- 1.9M

समाजवादी पार्टी - 870K

तृणमूल कांग्रेस - 537K

जनता दल यूनाइटेड - 416K

सेलेब्रिटीज भी जुड़े इस ट्रेंड से

इस ऑनलाइन अभियान को कई फिल्मी और टीवी कलाकारों का समर्थन भी मिला है। सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के अनुसार, अभिनेत्री दीया मिर्जा, कोंकणा सेन शर्मा, ईशा गुप्ता, फिल्ममेकर अनुराग कश्यप, विशाल डडलानी और कई अन्य कलाकार इस पेज को फॉलो कर रहे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, स्टैंडअप कॉमेडियंस और टीवी कलाकार भी इस ट्रेंड से जुड़ चुके हैं। युवाओं के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और कई लोग इसे “Gen Z इंटरनेट मूवमेंट” कह रहे हैं।

फॉलो करने वाले प्रमुख सेलेब्रिटीज

दीया मिर्जा, अनुराग कश्यप, विशाल डडलानी, फातिमा सना शेख, कोंकणा सेन शर्मा, ईशा गुप्ता, उमर रियाज, अभिषेक निगम, उर्फी जावेद, नगमा मिराजकर, पूरव झा, शफाक नाज, शीजान खान, रौनक रजानी

CJI के बयान के बाद शुरू हुई चर्चा

इस पूरे अभियान की शुरुआत एक विवादित बयान के बाद हुई। 15 मई को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने एक सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” से की थी। हालांकि बाद में CJI ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका बयान उन लोगों के लिए था जो फर्जी तरीकों से व्यवस्था का दुरुपयोग करते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर बहस तेज हो गई और उसी के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का डिजिटल व्यंग्य अभियान सामने आया।

किसने शुरू की ‘कॉकरोच जनता पार्टी’

इस अभियान की शुरुआत अभिजीत दिपके नाम के सोशल मीडिया रणनीतिकार ने की। बताया जाता है कि वह पहले आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने 16 मई को एक्स और इंस्टाग्राम पर CJP का अकाउंट बनाया था। जो शुरुआत में एक मजाकिया इंटरनेट प्रयोग था, वह कुछ ही दिनों में बड़े ऑनलाइन आंदोलन में बदल गया। अब यह अभियान युवाओं की नाराजगी, बेरोजगारी और राजनीतिक व्यवस्था पर व्यंग्य के तौर पर देखा जा रहा है।

पार्टी का ‘मेनिफेस्टो’ भी हुआ वायरल

दिलचस्प बात यह है कि इस व्यंग्यात्मक समूह ने अपना एक “घोषणा पत्र” भी जारी किया है। इसमें कई सामाजिक और राजनीतिक मांगों को मजाकिया लेकिन गंभीर अंदाज में रखा गया है। घोषणा पत्र में कहा गया है कि रिटायरमेंट के बाद किसी भी मुख्य न्यायाधीश को राज्यसभा न भेजा जाए। इसके अलावा संसद और कैबिनेट में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने, दलबदल करने वाले नेताओं पर लंबे समय तक चुनाव लड़ने से रोक लगाने और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी फीस व्यवस्था में सुधार जैसी मांगें भी शामिल हैं।

सदस्यता के लिए अनोखी शर्तें

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने सदस्यता के लिए भी व्यंग्यात्मक नियम बनाए हैं। पार्टी के मुताबिक सदस्य वही बन सकता है जो “बेरोजगार, आलसी और हमेशा ऑनलाइन रहने वाला” हो। युवा सोशल मीडिया पर मजाकिया पोस्ट के जरिए खुद को इस पार्टी के अलग-अलग पदों के लिए “योग्य उम्मीदवार” बता रहे हैं। यही कारण है कि यह अभियान इंटरनेट संस्कृति और मीम ट्रेंड का बड़ा हिस्सा बन चुका है।

युवाओं की नाराजगी का डिजिटल प्रतीक

विशेषज्ञों का मानना है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ केवल एक मजाकिया ट्रेंड नहीं, बल्कि युवाओं की निराशा और डिजिटल पीढ़ी की सोच का प्रतीक बनती जा रही है। बेरोजगारी, सोशल मीडिया संस्कृति और राजनीतिक असंतोष ने मिलकर इसे एक बड़े ऑनलाइन आंदोलन का रूप दे दिया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it