Top
Begin typing your search above and press return to search.

टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर जश्न में डूबा बॉलीवुड, अमिताभ से शाहरुख तक सेलेब्स ने दी बधाई

अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, अक्षय कुमार, संजय दत्त, महेश बाबू, एसएस राजामौली और कई अन्य सितारों ने अलग-अलग अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की।

टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर जश्न में डूबा बॉलीवुड, अमिताभ से शाहरुख तक सेलेब्स ने दी बधाई
X
मुंबई: भारत के तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनने के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों में बल्कि फिल्म इंडस्ट्री में भी खुशी की लहर दौड़ गई। बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के कई बड़े सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए टीम इंडिया को बधाई दी और खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, अक्षय कुमार, संजय दत्त, महेश बाबू, एसएस राजामौली और कई अन्य सितारों ने अलग-अलग अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की।

अमिताभ बच्चन ने मजेदार अंदाज में जताई खुशी

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने भारत की जीत पर बेहद दिलचस्प अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर टीम इंडिया की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “कहा था नहीं देखूंगा तो जीत जाएंगे… हो गया।” उनकी इस पोस्ट से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने फाइनल मैच नहीं देखा और मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद उनके मैच न देखने की वजह से भारत जीत गया।

शाहरुख खान ने कहा – ‘आप पर गर्व है’

बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान ने भी टीम इंडिया की शानदार जीत पर खुशी जताई। उन्होंने X पर लिखा, “बहुत बड़ी जीत। भारत की टीम ने शानदार खेल दिखाया। आप लोग चैंपियन हैं। आपको मैदान पर देखकर गर्व महसूस होता है। आपको सलाम। जय हिंद।” शाहरुख की यह पोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और फैंस ने भी टीम इंडिया को बधाई देते हुए कमेंट किए।

सनी देओल ने खिलाड़ियों को बताया ‘गबरू’

अभिनेता सनी देओल ने भी टीम इंडिया की जीत पर उत्साह भरा संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, “टीम इंडिया के गबरू… आपने जीत लिया। चैंपियंस, आपने देश को गर्व महसूस कराया है। बैक टू बैक वर्ल्ड कप जीत पर बधाई। आप सच में गबरू की तरह खेले – बिना डर के, पूरे दिल से।” सनी देओल ने अपनी पोस्ट में खास तौर पर जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, ईशान किशन, अक्षर पटेल, अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे की तारीफ की।

अनिल कपूर ने ‘कीवी’ खाकर मनाया जश्न

अभिनेता अनिल कपूर ने टीम इंडिया की जीत पर एक अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह टीवी पर मैच देखते हुए कीवी फल खाते हुए नजर आए। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “आज कीवी थोड़ी ज्यादा ही मीठी लग रही है। टीम इंडिया को बधाई। आप हमें कभी भी गर्व महसूस कराने में नाकाम नहीं होते।” दरअसल न्यूजीलैंड की टीम को ‘कीवी’ भी कहा जाता है, इसलिए अनिल कपूर ने इसी प्रतीक के जरिए मजेदार अंदाज में जीत का जश्न मनाया।

अक्षय कुमार ने डांस कर जताई खुशी

बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार ने भी टीम इंडिया की जीत का जश्न खास अंदाज में मनाया। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह खुशी से डांस करते नजर आए। अक्षय ने पोस्ट के साथ लिखा, “हर घर का माहौल… वर्ल्ड कप घर लाने पर बधाई टीम इंडिया।” उनकी यह पोस्ट भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।

आमिर खान का भावुक संदेश

अभिनेता आमिर खान ने भी भारत की जीत पर एक वीडियो साझा किया और लिखा, “आज एक अरब दिल जश्न मना रहे हैं।” आमिर का यह संदेश भारत की जीत से जुड़ी भावनाओं को दर्शाता है, क्योंकि पूरे देश में इस जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

गला बैठ गया लेकिन मुस्कान नहीं जाएगी

अभिनेता अजय देवगन ने भी टीम इंडिया को बधाई देते हुए लिखा कि मैच के दौरान इतना चिल्लाए कि उनका गला बैठ गया। उन्होंने कहा, “इतना चिल्लाने से मेरा गला बैठ गया है, लेकिन मेरी मुस्कान पूरे हफ्ते कहीं नहीं जाने वाली। टीम इंडिया, तुमने अरबों दिलों को गर्व से भर दिया।”

साउथ सितारों ने भी दी बधाई

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों ने भी भारत की जीत पर खुशी जाहिर की। महेश बाबू ने लिखा, “क्या शानदार मैच था! टीम इंडिया के दबदबे का शानदार उदाहरण। आपने 1.4 अरब लोगों के दिल जीत लिए। सैमसन, अभिषेक, ईशान, दुबे, बुमराह, अक्षर और पूरी टीम को बधाई।” वहीं मशहूर फिल्ममेकर एसएस राजामौली ने भी टीम इंडिया की तारीफ करते हुए लिखा, “चैंपियंस… फिर से। संजू, बुमराह, दुबे, ईशान – क्या शानदार प्रदर्शन। टीम इंडिया को सलाम। जय हिंद।”

नई पीढ़ी के सितारों ने भी जताई खुशी

बॉलीवुड की युवा पीढ़ी के सितारों ने भी सोशल मीडिया पर टीम इंडिया को बधाई दी।
सुहाना खान ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर टीम इंडिया की तस्वीर साझा करते हुए “चैंपियंस” लिखा।

अनन्या पांडे ने वीडियो शेयर कर लिखा – “हम चैंपियंस हैं।”

सारा अली खान ने टीम की तस्वीर पोस्ट कर लिखा – “बार-बार भारत चैंपियन।”
रश्मिका मंदाना ने भारतीय टीम की तस्वीर साझा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
वहीं अभिनेत्री सोनल चौहान ने तिरंगा लहराते हुए अपनी तस्वीर पोस्ट की और लिखा – “कप हमारा है।”

राजपाल यादव और अन्य सितारों की प्रतिक्रिया

कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव ने भी टीम इंडिया की तस्वीर साझा करते हुए लिखा – “वर्ल्ड कप घर आ गया।”
इसके अलावा आयुष्मान खुराना, निर्देशक अनिल शर्मा, टीवी सितारे करण कुंद्रा, तेजस्वी प्रकाश और अभिनेता अली गोनी समेत कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया।

स्टेडियम में मौजूद थे कई सितारे

इस ऐतिहासिक मैच को देखने के लिए कई फिल्म और टीवी सितारे नरेंद्र मोदी स्टेडियम भी पहुंचे थे। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा मैदान में टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाने के लिए मौजूद थीं। वहीं टीवी स्टार करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश ने भी स्टेडियम से तस्वीरें साझा कीं। मैच के बाद स्टेडियम और ड्रेसिंग रूम के कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिन पर सेलेब्स लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बना भारत

अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई और भारत ने यह मुकाबला 96 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ भारत तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन गया है। देश के लिए यह सिर्फ एक खेल की जीत नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के गर्व और उत्साह का प्रतीक बन गई है। और इसी वजह से क्रिकेट के मैदान से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक हर जगह जश्न का माहौल दिखाई दे रहा है।

Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it