Top
Begin typing your search above and press return to search.

सुरक्षा खतरे के बीच बुलेटप्रूफ शेल के पीछे खड़े होकर अमिताभ बच्चन ने प्रशंसकों का किया अभिवादन

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने रविवार को अपने आवास 'जलसा' के बाहर कड़ी सुरक्षा के बीच प्रशंसकों का अभिवादन किया। इस बार उनका अंदाज थोड़ा अलग था

सुरक्षा खतरे के बीच बुलेटप्रूफ शेल के पीछे खड़े होकर अमिताभ बच्चन ने प्रशंसकों का किया अभिवादन
X

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने रविवार को अपने आवास 'जलसा' के बाहर कड़ी सुरक्षा के बीच प्रशंसकों का अभिवादन किया। इस बार उनका अंदाज थोड़ा अलग था। वह प्रशंसकों की ओर हाथ हिलाते नजर आए, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए एक पारदर्शी बुलेटप्रूफ शेल लगाया गया था।

अमिताभ बच्चन अपने घर के बाहर ऊंचे प्लेटफॉर्म पर बने पारदर्शी बुलेटप्रूफ सुरक्षा कवच के पीछे खड़े होकर प्रशंसकों का अभिवादन करते दिखाई दिए। इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके साथ मौजूद थे।

अमिताभ के आसपास कई सुरक्षाकर्मी भी तैनात नजर आए। बम धमकी से जुड़े ईमेल की खबरों के बाद अभिनेता की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस को 23 अक्टूबर को एक धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिली थी। यह ईमेल कथित तौर पर बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) इलाके के एक स्कूल को भेजा गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।

ईमेल में गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र किया गया था, जिससे उन्हें भी धमकी मिलने की आशंका जताई गई। हालांकि, धमकी सीधे तौर पर दिलजीत को नहीं दी गई थी।

ईमेल में अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित आवास 'जलसा' का उल्लेख करते हुए 31 अक्टूबर और 27 नवंबर को कथित हमले किए जाने की तारीखें बताई गई थीं। इसके अलावा, 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में संभावित बम हमले के संदर्भ में दिलजीत दोसांझ का नाम भी शामिल था। ईमेल में कुछ खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे गए थे। ये धमकियां कथित तौर पर खुद को 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' बताने वाले एक समूह की ओर से दी गई थीं।

इस बीच, अमिताभ बच्चन ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी सेहत को लेकर भी जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि रिकवरी के लिए उन्हें अभी और आराम की जरूरत है। डॉक्टरों ने उन्हें अपनी नियमित ऑनलाइन गतिविधियों से कुछ समय का ब्रेक लेने की सलाह दी है। इसी वजह से वह कुछ समय तक सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं रहेंगे।

उन्होंने अपने टम्बलर ब्लॉग पर लिखा, ''अभी और आराम की जरूरत है... खुद को इसके अनुसार ढाल रहा हूं... सोच रहा हूं और हैरान हूं कि मानव शरीर कितना अनोखा है।''

वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' की मेजबानी कर रहे हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it