जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस से बुजुर्ग की मौत, मृतकों की संख्या 256 हुई
जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस (कोविड-19) से 96 वर्षीय एक बुजुर्ग की मंगलवार को मौत हो गई जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 256 हो गई है।

श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस (कोविड-19) से 96 वर्षीय एक बुजुर्ग की मंगलवार को मौत हो गई जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 256 हो गई है।
इस मौत के साथ जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस से पिछले 47 दिनों में 221 और 61 दिनों में 241 लोगों की मौत हो गई है। केंद्र शासित प्रदेश में कोरोना वायरस के 751 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 14,650 हो गई है।
जम्मू-कश्मीर में सोमवार को कोरोना वायरस से 11 लोगों की मौत हुई थी जिनमें कश्मीर के 10 लोग और जम्मू का एक व्यक्ति शामिल था।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बारामुला के पट्टन के रहने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति को क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी), क्रोनिक किडनी डिजीज (सीकेडी) और कुछ अन्य बीमारियों के कारण रविवार को चेस्ट डिजीज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बीमार व्यक्ति बाद में कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया और मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद उसकी मौत हो गई।
जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस से श्रीनगर सबसे अधिक प्रभावित है, जहां इस संक्रमण के कारण 63 लोगों की मौत हुई है। बारामूला में 54, कुलगाम में 24, शोपियां, बड़गाम में 19-19, अनंतनाग में 18 , कुपवाड़ा में 15, पुलवामा में 14 और बांदीपुरा में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। गंदेरबल में 12 जुलाई से अभी तक चार लोगों की मौत हुई है।


