देश की सुरक्षा और सच-झूठ की परीक्षा

पूर्व सेनाध्यक्ष मनोज मुकुंद नरवणे की किताब 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' पर सियासी घमासान अब सच और झूठ की परीक्षा में तब्दील हो चुका है। एक तरफ सरकार का दावा है कि यह किताब प्रकाशित ही नहीं हुई है। दूसरी तरफ राहुल गांधी इस किताब की प्रति पिछले हफ्ते ही संसद में लेकर आ गए थे और उन्होंने कहा था कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यह किताब देंगे, ताकि वे खुद उन बातों और तथ्यों को पढ़ सकें, जिन्हें लोकसभा में पढ़ने से राहुल गांधी को रोका गया। लेकिन नरेन्द्र मोदी इसके बाद लोकसभा में पहुंचे ही नहीं और न ही राहुल गांधी से उनका सामना हुआ। हालांकि यह एक अच्छा मौका नरेन्द्र मोदी के पास था, जब वे एक साथ अपनी देशभक्ति, बहादुरी और 56 इंची सीने की सच्चाई देश-दुनिया को दिखा देते। राहुल गांधी का कहना है कि नरेन्द्र मोदी एक किताब से डर गए, क्योंकि इसमें चीन के घुसपैठिया अभियान की हकीकत बयां की गई है। श्री मोदी चाहते तो राहुल गांधी से ये किताब लेकर साबित कर देते कि वे डरे हुए नहीं हैं और जो कुछ उस किताब में लिखा है उसे भी पढ़ लेते। अगर कुछ गलत लिखा है तो उसकी सच्चाई बता देते, इससे उनका ही हाथ ऊंचा होता। लेकिन बजाए इतना सीधा सा काम करने के, अब इस मामले को कानूनी पचड़े में उलझा दिया गया है।
अब पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब की सॉफ्ट कॉपी के ऑनलाइन प्रसारित होने पर एफ़आईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है, 'हमने सोशल मीडिया और न्यूज प्लेटफॉर्म पर जानकारी मिलने पर जांच शुरू की। किताब पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा तैयार की गई लगती है, लेकिन मंजूरी नहीं मिलने से यह अभी अप्रकाशित है। स्पेशल सेल में एफ़आईआर दर्ज की गई है और जांच चल रही है।
गौरतलब है कि किताब में जनरल नरवणे ने लिखा है कि 2020 में गलवान घाटी में चीन के साथ टकराव के दौरान जब उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एनएसए अजीत डोभाल और अन्य नेताओं को जानकारी दी कि, 'चीनी टैंक आ रहे हैं', तो लंबे समय तक कोई सीधा जवाब नहीं मिला। करीब ढाई घंटे बाद प्रधानमंत्री मोदी का संदेश आया- 'जो उचित समझो, वो करो'। राहुल गांधी इसी पर सरकार से जवाब चाह रहे हैं।
हालांकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में कहा, 'मुझे यक़ीन है कि यह किताब कभी प्रकाशित नहीं हुई।' उन्होंने राहुल गांधी से कहा, 'जो किताब का दावा कर रहे हैं, उसे सदन में पेश करें, हम देखना चाहते हैं।' सरकार द्वारा ऐसी किसी किताब के छपे होने के दावे को खारिज किए जाने के बाद राहुल गांधी ने 4 फरवरी को संसद परिसर में किताब की प्रकाशित प्रति दिखाई और पत्रकारों से कहा, 'देखिए, किताब है, सरकार कह रही है कि किताब नहीं है।'
बता दें कि 'फोर स्टार्स ऑफ़ डेस्टिनी' जनरल एमएम नरवणे की आत्मकथा है। जनरल नरवणे दिसंबर 2019 से अप्रैल 2022 तक सेना प्रमुख रहे। किताब में उनकी 40 साल की सेवा, सिक्किम में चीन से पहला आमना-सामना, गलवान संघर्ष, पाकिस्तान के साथ सीजफायर आदि का •िाक्र है। किताब 448 पेज की है और अप्रैल 2024 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन रक्षा मंत्रालय की मंजूरी नहीं मिली। अमेजन और फ्लिपकार्ट पर 'अभी उपलब्ध नहीं' लिखा था।
बहरहाल, दिल्ली पुलिस अब इस मामले की जांच-पड़ताल में करेगी कि आख़िर यह किताब पीडीएफ फॉर्मेट में ऑनलाइन लोगों तक कैसे पहुंच रही है। किताब को प्रकाशित करने की जरूरी मंजूरी रक्षा मंत्रालय से अभी नहीं मिली है। इसलिए यह लीक या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है। ऐसा लग रहा है मानो दिल्ली पुलिस के पास और कोई जरूरी काम बचे ही नहीं है। हालांकि सोमवार को ही कम से कम पांच हत्याओं के मामले दिल्ली में घटित हुए हैं, इसके अलावा चोरी, छीना-झपटी, झगड़े-फसाद, लड़कियों की सुरक्षा जैसे अनगिनत मामले हैं, जिन्हें संभालने या कम करने के लिए पुलिस बल की जरूरत होती है। मगर इन सबको छोड़कर अमित शाह के गृह मंत्रालय ने अपनी पुलिस को इस काम में लगाया है कि किताब का पीडीएफ लोगों तक कैसे पहुंच रहा है।
इस बीच किताब के प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया की भी सफाई आई है। पेंगुइन प्रकाशन ने कहा है कि इस किताब के प्रकाशन का अधिकार केवल उसके पास है और यह पुस्तक अब तक प्रकाशित नहीं हुई है। लेकिन सोशल मीडिया पर 2023 में मनोज नरवणे का लिखा एक ट्वीट भी सामने आ गया है, जिसमें वे अपनी किताब के प्रकाशन की जानकारी दे रहे हैं और ऑनलाइन बुक करने का आग्रह भी कर रहे हैं। मंगलवार को राहुल गांधी ने यही ट्वीट पत्रकारों को सुनाया भी और साफ कहा है कि या तो मनोज मुकुंद नरवणे झूठ बोल रहे हैं या पेंगुइन झूठ बोल रहा है। मुझे नहीं लगता कि पूर्व आर्मी चीफ झूठ बोलेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि पेंगुइन का कहना है कि किताब पब्लिश नहीं हुई है। लेकिन किताब अमेजन पर उपलब्ध है, मुझे पेंगुइन से ज़्यादा नरवणे जी पर भरोसा है। राहुल ने पत्रकारों से ही पूछ लिया कि क्या आपको नरवणे जी से ज़्यादा पेंगुइन पर भरोसा है? मुझे लगता है कि नरवणे जी ने अपनी किताब में कुछ ऐसी बातें कही हैं जो भारत सरकार और भारत के प्रधानमंत्री के लिए असुविधाजनक हैं। जाहिर है, आपको तय करना होगा कि पेंगुइन सच बोल रहा है या पूर्व आर्मी चीफ...'
असल में राहुल ने पत्रकारों के जरिए यह सवाल सीधे मोदी सरकार से किया है, जिसे अब यह बताना होगा कि क्या वह अपने पूर्व सेनाध्यक्ष पर भरोसा करती है या नहीं।
इसके अलावा राहुल गांधी ने पत्रकारों को संसद में दिखाए जा रहे बैनर भी दिखाए, जिसमें नरेन्द्र मोदी को अमेरिका के सामने सरेंडर करते हुए दिखाया जा रहा है। राहुल गांधी का कहना है कि अमेरिका के साथ हुआ व्यापार समझौता या एपस्टीन फाइल्स में नाम आने पर सरकार घिरी हुई है, और विपक्ष को जवाब देने से बच रही है। इसलिए किताब की आड़ में छिप रही है। राहुल गांधी का यह आरोप भी मोदी सरकार के लिए बड़ा झटका है। क्योंकि अमेरिका से हुए सौदे के बाद बड़े कारोबारियों को चाहे जितना फायदा हो, किसानों के लिए बहुत नुकसान होने वाला है। जनता भी बहुत दिनों तक टैरिफ कम होने के फायदे के झांसे में नहीं आने वाली है, क्योंकि आखिर में रोजगार और व्यापार का नुकसान उसे ही होगा और जब वो कारणों की तलाश में जाएगी, तो जवाब राहुल गांधी के दावों में उसे मिलेगा। जैसे एक झूठ को छिपाने के लिए सौ झूठ बोलने पड़ते हैं, कुछ वैसा ही हाल मोदी सरकार का हो गया है। अमेरिका से डील या एपस्टीन फाइल्स में नाम आने का सच तो सरकार ही बताएगी, लेकिन संसद में नेता प्रतिपक्ष को बोलने से रोकने के लिए किताब के प्रकाशित न होने का जो बहाना मोदी सरकार ने बनाया है, उसे वो अब जितना ज्यादा खींचेगी, उतना बुरा फंसेगी।


