सपने जरूर देखें उसे पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए : लूथरा
लॉयड लॉ कॉलेज में दो दिवसीय आल इंडिया लॉ जॉब फेस्ट का समापन कार्यक्रम हुआ

ग्रेटर नोएडा। लॉयड लॉ कॉलेज में दो दिवसीय आल इंडिया लॉ जॉब फेस्ट का समापन कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिद्धार्थ लूथरा वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायलय एवं ललित भसीन अध्यक्ष, सोसाइटी ऑफ इंडियन लॉ फर्म्स थे। जॉब फेस्ट में 80 कंपनी आई थी और विभिन्न राज्यों से एक हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि सिद्धार्थ लूथरा ने कहा कि आज के समय लॉ की पढ़ाई में सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं, विविध प्रकार की तकनीकी उपलब्ध हैं, लॉ के क्षेत्र में भी विभिन्न प्रकार के उप क्षेत्र हैं।
आज लॉ क्षेत्र में लॉ फर्म्स, एलपीओ, लीगल सर्विसेज कंपनी, लॉ प्रैक्टिस, बैंक, सरकारी जॉब, न्यायिक सेवाएं, एनजीओ आदि क्षेत्र हैं। आज अगर आप सही से मेहनत करते हैं तो आसानी से धन कमा सकते हैं। पुराने समय में न तो इतनी सुविधाएं थी और न ही धन कमाना इतना आसान था। आज के समय में अन्य क्षेत्रों के साथ लॉ क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। लॉ कॉलेजों के इस तरह के प्रयास सराहनीय हैं।
सरकार को महाविद्यालयों और प्राइवेट कंपनियों के साथ मिलकर रोजगार का सृजन करना चाहिए। हर कॉलेज को रोजगार दिलाने के प्रण के साथ ही विद्यार्थी का प्रवेश लेना चाहिए। रोजगार मेला एक स्वयंवर की तरह होता है जिसमे कंपनियां आकर योग्य छात्र का चयन करता है। सपने जरूर देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए।
ललित भसीन ने कहा कि सरकार जॉब बढ़ाने पर और काम करे जिससे देश की सामाजिक व आर्थिक दशा में सुधार हो। भारत प्रतिभाओं का देश है, प्रतिभा होते हुए भी छात्रों को रोजगार नहीं मिलता। कॉलेज के चैयरमेन मनोहर थीरानी ने कहा कि लॉ का क्षेत्र काफी उन्नत व विकास शील हो रहा है। लॉ क्षेत्र में भविष्य में जॉब की असीम संभावनाएं हैं, लॉ संस्थानों में शोध केंद्र भी होने चाहिए जो यह पता लगाएं की विधिक व्यवस्था में कहां कमी रह गई और पता लगाकर उनके निदान का सुझाव दे।


