Top
Begin typing your search above and press return to search.

भाजपा सरकार महिलाओं के साथ, आरक्षण दिलाने के लिए हम प्रयासरत: प्रवेश वर्मा

महिला आरक्षण बिल को लेकर दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि हमारी सरकार महिलाओं के हक के साथ है

भाजपा सरकार महिलाओं के साथ, आरक्षण दिलाने के लिए हम प्रयासरत: प्रवेश वर्मा
X

नई दिल्ली। महिला आरक्षण बिल को लेकर दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि हमारी सरकार महिलाओं के हक के साथ है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आरक्षण दिलाने के लिए हमारी सरकार प्रयासरत है और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक जरूर पास होगा।

नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लाए गए संशोधन बिल का कांग्रेस, आप, टीएमसी और डीएमके समेत सभी विपक्षी दलों ने विरोध किया। पीएम मोदी ने वर्षों की मेहनत के बाद गांवों, आदिवासी क्षेत्रों और गरीब इलाकों की महिलाओं की आवाज संसद तक पहुंचाई, लेकिन विपक्ष ने उनके सपनों को चकनाचूर कर दिया।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से एक निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। देश और दिल्ली की महिलाओं को हमारी तरफ से यह संदेश दिया जाएगा कि हमारी पार्टी, हमारी सरकार, देश की महिलाओं के साथ खड़ी है।

दूसरी ओर, भाजपा विधायक अजय महावर ने कहा कि भाजपा महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है, जबकि आप और अन्य विपक्षी दल इस मुद्दे से भाग रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के समर्थन में खड़ी है, लेकिन विपक्षी पार्टियां झूठे नैरेटिव गढ़ रही हैं और तरह-तरह के बहाने बना रही हैं। कभी वे दक्षिणी राज्यों का हवाला देते हैं, तो कभी परिसीमन का हवाला देते हैं।

उन्होंने याद दिलाया कि जब कांग्रेस बकाया बिल लेकर आई थी, तब भाजपा ने उसका समर्थन किया था, लेकिन उस समय कई विपक्षी नेता संसद से भाग गए थे। हम महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इसमें कुछ समय लग सकता है क्योंकि विपक्ष सहयोग नहीं कर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम देश की सभी महिलाओं को आश्वासन देते हैं कि उनके अधिकारों की रक्षा की जाएगी और कानून के अनुसार उनका सम्मान किया जाएगा।

केजरीवाल पर निशाना साधते हुए अजय महावर ने कहा कि कहा कि यह सब एक खेल है। महात्मा गांधी यदि आज जीवित होते तो अरविंद केजरीवाल को अपनी लाठी से पीटते। गांधी जी शराब के घोर विरोधी थे। वे कहते थे कि शराब का आदी व्यक्ति अपना परिवार बर्बाद कर देता है, लेकिन केजरीवाल ने पूरे दिल्ली को शराब की दुकान बना दिया है। हर घर में शराब बेचकर पैसा कमाने वाला व्यक्ति आज महात्मा गांधी की बात कर रहा है। वह बेशर्म, धोखेबाज और झूठे हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it