Top
Begin typing your search above and press return to search.

सपा सांसद बोले: योगी सरकार का विदाई बजट, अगला बजट हमारा होगा

उत्तर प्रदेश विधानसभा में बुधवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया गया। इस बजट को समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद अवधेश प्रसाद ने योगी सरकार की विदाई वाला बजट करार दिया है

सपा सांसद बोले: योगी सरकार का विदाई बजट, अगला बजट हमारा होगा
X

अखिलेश के नेतृत्व में बनेगी सरकार, अयोध्या का विकास पूरी दुनिया देखेगी

  • किसानों-मजदूरों को राहत नहीं, मनरेगा मजदूरी बकाया पर उठे सवाल
  • अग्निवीर योजना पर सपा का वार: सेना में रेगुलर भर्ती होनी चाहिए
  • भारत रत्न से पहले बेरोजगारी पर चर्चा करें: अवधेश प्रसाद का संघ प्रमुख को संदेश

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा में बुधवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया गया। इस बजट को समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद अवधेश प्रसाद ने योगी सरकार की विदाई वाला बजट करार दिया है।

नई दिल्ली में सपा सांसद ने कहा कि यूपी में आने वाला बजट हमारा होगा। अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी। सपा की सरकार में सबका ध्यान रखा जाएगा और सबका विकास पक्का किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के गौरवशाली इतिहास को और मजबूत किया जाएगा। अखिलेश यादव जब मुख्यमंत्री बनेंगे, तो अयोध्या का इतना विकास होगा कि पूरी दुनिया देखेगी।

उत्तर प्रदेश के बजट को लेकर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि इस बजट में प्रदेश के किसानों और मजदूरों के लिए कुछ खास नहीं है। मनरेगा जिसका नाम बदलकर जी राम जी कर दिया गया है। इसमें काम करने वाले मजदूरों मजदूरी बाकी है। मेरे संसदीय क्षेत्र में 20 से 22 हजार मजदूरों की दरख्वास्त लंबित हैं। वह बताते हैं कि समय-समय पर काम किया, बीमार हालत में भी काम किया, लेकिन पैसा नहीं मिला। क्या इस बजट में उनकी बकाया राशि दी जाएगी।

वंदे मातरम’ को लेकर केंद्र सरकार की नई गाइडलाइंस पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि बहुत-बहुत स्वागत है। ‘वंदे मातरम’ एक ऐसा गीत है जो बहुत लंबे समय से गाया जाता रहा है। हालांकि, मैं सरकार से कहना चाहूंगा कि चाहे केंद्र सरकार हो या राज्य सरकारें, सभी को ‘वंदे मातरम’ की भावना, संदेश और इरादे के अनुसार आचरण करना चाहिए। इस देश को आज़ाद कराने में ‘वंदे मातरम’ को लाने में सभी वर्गों और सभी धर्मों के लोगों का पूरा-पूरा सहयोग रहा है। तभी तो देश आज़ाद हुआ।

वीर सावरकर को भारत रत्न देने की संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर सपा सांसद ने कहा कि हमारे देश में बहुत ज्वलंत समस्याएं हैं। पहले उनका समाधान होना चाहिए। हमारे करोड़ों युवा-जो हमारी सबसे कीमती दौलत हैं, बड़े-बड़े कॉलेजों से डिग्री लेकर आज बेरोजगार घूम रहे हैं। डिग्री जलाने की मंशा बन रही है, कई युवा आत्महत्या तक की सोचने लगते हैं। देश कभी टूट नहीं सकता। लेकिन जब युवाओं का मन टूटता है, तो यह देश के लिए बहुत खतरनाक है। इस पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए।

अग्निवीर योजना का जिक्र करते हुए सपा सांसद ने कहा कि अग्निवीर योजना में सिर्फ चार साल के लिए नौकरी दी जा रही है। सेना में जाने वाला युवा क्या सोचता होगा? किसी तरह चार साल बीत जाएंगे। पहले जब रेगुलर भर्ती होती थी, तो माता-पिता तिलक लगाकर अपने बच्चों को सेना में भेजते थे। वे देश की रक्षा के लिए सीने पर गोली खाने को तैयार रहते थे। लेकिन अब चार साल के लिए जाने वाले युवा के मन में क्या भावना होगी। सेना में रेगुलर भर्ती होनी चाहिए।

किसानों की आय दोगुनी करने के वादे पर चर्चा होनी चाहिए। भारत-अमेरिका ट्रेड डील से हमारे किसान परेशान होंगे। हमारी आत्मनिर्भरता खत्म हो जाएगी। अमेरिका के दबाव में काम करने से हमारी डेयरी इंडस्ट्री भी खत्म हो जाएगी। मोहन भागवत को इन ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा करनी चाहिए थी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it