कोलकाता भगदड़ पर शाह ने जताया दुख, रविवार के सभी कार्यक्रम किये रद्द
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम हुए हादसे के मद्देनजर वहां रविवार के अपने दौरे के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम हुए हादसे के मद्देनजर वहां रविवार के अपने दौरे के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। श्री शाह ने घटना पर गहरा दुख जताया है और कोलकाता के रविवार के अपने दौरे के सभी कार्यक्रम स्थगित करने की घोषणा करते हुए शनिवार को कहा कि वह वहां घायलों से मिलने अस्पताल जाएंगे।
श्री शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा,"अभी-अभी कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ का अत्यंत दु:खद समाचार मिला। इस संबंध में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जी से बात की। इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"
श्री शाह ने कहा कि प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल के अपने कल के सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल जाकर घायलों से मिलूंगा। मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"


