Top
Begin typing your search above and press return to search.

दिल्ली में रेलवे स्टेशन पर हत्‍या, योग एक्सप्रेस में सीट के लिए पीट-पीटकर मार डाला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पंकज धामा जनरल डिब्बे में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अन्य यात्रियों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और वहां मौजूद कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

दिल्ली में रेलवे स्टेशन पर हत्‍या, योग एक्सप्रेस में सीट के लिए पीट-पीटकर मार डाला
X

नई दिल्‍ली: नई दिल्‍ली: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मारपीट में उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा की मौत हो गई। घटना प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर खड़ी योग एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच के पास हुई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर मौजूद RPF कर्मी बीच-बचाव करने के बाद पीड़ित को सुरक्षित घेरे से निकालकर फर्श पर लिटाते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, बाद में गंभीर हालत में पीड़ित को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

धक्का-मुक्की के बाद शुरू हुई मारपीट

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पंकज धामा जनरल डिब्बे में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अन्य यात्रियों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और वहां मौजूद कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ लोगों ने पंकज धामा पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर मारपीट के कारण वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के समय प्लेटफॉर्म पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावर वहां से भागने में सफल रहे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

मारपीट में घायल पंकज धामा को तत्काल गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस सक्रिय हो गई और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। इसके अलावा घटना के दौरान मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा

रेलवे पुलिस उपायुक्त भरत रेड्डी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि योग एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान हुई कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई, जिसके कारण एक यात्री की जान चली गई। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भीड़भाड़ और असहिष्णुता ने ली एक जान

शाहदरा रेलवे स्टेशन की यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती आक्रामकता और भीड़भाड़ के बीच धैर्य की कमी को उजागर करती है। मामूली विवाद का हिंसक रूप लेना और उसके परिणामस्वरूप एक व्यक्ति की मौत होना गंभीर चिंता का विषय बन गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it