Top
Begin typing your search above and press return to search.

मिडिल ईस्ट युद्ध पर पीएम मोदी के संबोधन पर एनडीए नेता बोले, सभी को एकजुट होने की जरूरत

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच पैदा हुई समस्याओं से भारत कैसे निपट रहा है, इस बारे में पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लोकसभा में अपनी बात रखी

मिडिल ईस्ट युद्ध पर पीएम मोदी के संबोधन पर एनडीए नेता बोले, सभी को एकजुट होने की जरूरत
X

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच पैदा हुई समस्याओं से भारत कैसे निपट रहा है, इस बारे में पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लोकसभा में अपनी बात रखी। पीएम मोदी के संबोधन पर एनडीए नेताओं ने कहा कि आपदा के वक्त पक्ष-विपक्ष नहीं होना चाहिए, सभी को एकजुट होने की जरूरत है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि देश में एलपीजी को लेकर कोई समस्या नहीं है। अगर कोई समस्या है, तो वह भ्रम फैलाने की समस्या है और यह समस्या विपक्ष के नेता की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से एकजुट होकर संसद से एक स्वर में अपनी आवाज उठाने का आग्रह किया है। देश और दुनिया के प्रति जो हमारी पीड़ा है। सारी स्थितियों को पीएम मोदी ने रखा है, लेकिन कांग्रेस को हर चीज में राजनीति दिखाई देती है।

केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी. सिंह बघेल ने कहा कि समय-समय पर हरदीप सिंह पुरी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पश्चिम एशिया में संकट को लेकर बयान दिए थे। यह अच्छी बात है कि आज पीएम मोदी ने इस मुद्दे पर चर्चा की है।

केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि पीएम मोदी ने लोकसभा में अपना बयान दिया है और उन्होंने सुरक्षा पर सबसे ज्यादा जोर दिया है। दूसरे देशों में हमारे जो लोग फंसे हुए थे, उन्हें निकाला गया है। गैस-तेल के बारे में उन्होंने कहा कि तकलीफ जरूर है, लेकिन वर्तमान में हमारी स्थिति ठीक है।

भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा कि यदि देश पर कोई संकट आता है, तो राष्ट्र के सभी लोगों को एक साथ आकर एकजुट होकर काम करना चाहिए। इसमें पक्ष-विपक्ष की जरूरत नहीं है। कोई आपदा आती है तो हमें साथ मिलकर काम करना चाहिए।

भाजपा सांसद बसवराज बोम्मई ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया की पूरी तस्वीर पेश की है कि वहां क्या चल रहा है और उस संदर्भ में, भारत इस संकट को कैसे संभाल रहा है।

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने संसद और पूरे देश को बताया कि सरकार हाल के दिनों में क्या कर रही है और सभी चिंताओं का विस्तार से समाधान किया। गैस और तेल के बारे में हरदीप पुरी और एस जयशंकर का बयान आया था। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में पेट्रोल-डीजल के बारे में भी बताया है। रेलवे को हमने इलेक्ट्रिक कर दिया है और हम बहुत सी चीजों को कंट्रोल करने में सफल हुए हैं।

भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि प्रधानमंत्री एक राजनेता हैं और सदन के समक्ष स्थिति की वास्तविकता प्रस्तुत करना सर्वोच्च लोकतांत्रिक परंपरा माना जाता है। युद्ध की स्थिति है, भारत ने कोई युद्ध थोपा नहीं है। यह बड़ी बात है कि पीएम मोदी के संबोधन पर पूरा देश एक है।

लोजपा (राम विलास) सांसद अरुण भारती ने कहा कि पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का जिक्र किया, जिस पर विपक्ष बार-बार सदन की कार्यवाही बाधित करने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने ऐसी सभी चिंताओं और आपत्तियों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की इस युद्ध को लेकर क्या तैयारी है। किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। विपक्ष आपदा में जो अवसर ढूंढने का प्रयास करता है, उसे पीएम मोदी के संबोधन से करारा जवाब मिला है। हम इस युद्ध से निपटेंगे, किसी को कोई दिक्कत नहीं आएगी।

भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते संकट को देखते हुए संसद और पूरे देश को एक विस्तृत और आश्वस्त करने वाला जवाब दिया है। उन्होंने राजनीतिक एकता का भी आह्वान किया है-एक ऐसी एकता जो इस तरह के संकट के प्रति भारत के संवाद के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने आम आदमी को भरोसा दिलाया है कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है और भारत के किसान पूरी तरह सुरक्षित हैं।

भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हर बात विस्तार से समझाई है। इससे यह पता चलता है कि उनके द्वारा लिए गए फैसले देश को मुश्किल दौर से निकालने में बेहद मददगार साबित हो रहे हैं।

सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि आज प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रूप से समझाया है और यह हम सभी के लिए खुशी की बात है कि इतने बड़े संकट के बावजूद भारत अपनी स्थिति बनाए हुए है और सभी देशों के साथ एक अच्छे पड़ोसी के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it