Top
Begin typing your search above and press return to search.

दिल्ली के मालवीय नगर में रेस्टोरेंट में भीषण आग, 21 लोगों की मौत; कई घायल, बचाव अभियान जारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सुबह के समय अचानक रेस्टोरेंट में भड़की और कुछ ही देर में पूरे परिसर में फैल गई। आग लगने के कारण इमारत के भीतर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

दिल्ली के मालवीय नगर में रेस्टोरेंट में भीषण आग, 21 लोगों की मौत; कई घायल, बचाव अभियान जारी
X

नई दिल्ली: मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में बुधवार सुबह एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और लपटों की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक घटना में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन और राहत एजेंसियों को आशंका है कि कुछ लोग अब भी इमारत के भीतर फंसे हो सकते हैं, जिसके चलते बचाव अभियान लगातार जारी है।

कुछ ही मिनटों में विकराल हो गई आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सुबह के समय अचानक रेस्टोरेंट में भड़की और कुछ ही देर में पूरे परिसर में फैल गई। आग लगने के कारण इमारत के भीतर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग बाहर निकलने का रास्ता तलाशते रहे, जबकि कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों और बालकनियों से नीचे छलांग लगाने तक का जोखिम उठाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग के साथ उठ रहे घने काले धुएं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया, जिससे लोगों को सांस लेने में भी कठिनाई होने लगी।

दमकल विभाग ने शुरू किया राहत कार्य

दिल्ली दमकल सेवा (DFS) को आग लगने की सूचना सुबह करीब 9 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और आग बुझाने के लिए कई यूनिट्स को मौके पर रवाना किया गया। दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती चरण में दो वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स वाहन और अन्य अग्निशमन संसाधनों को मौके पर भेजा गया। बाद में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुल 10 दमकल गाड़ियों को आग पर काबू पाने के अभियान में लगाया गया। दमकल कर्मियों ने इमारत के विभिन्न हिस्सों में फंसे लोगों को निकालने और आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए।

होटल में ज्यादातर विदेशी रुके थे

हौजरानी की तंग गलियों में बने इस होटल के बेसमेंट में रेस्टोरेंट था। स्थानीय निवासियों के मुताबिक पांच मंजिला इस होटल में करीब 25 कमरे थे, जिसमें 40 लोगों के आसपास रुके थे। इसमें ज्यादातर विदेशी थे जो बाहर से इलाज कराने के लिए आए थे। जब होटल में आग लगी थी तब ज्यादातर लोग सोए हुए हुए थे।

शेफ ने बताया आग कितनी भयानक थी

होटल के रेस्टोरेंट में काम करने वाले शेफ केसर सिंह ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे जैसे ही उसने इलेक्ट्रिक चूल्हे को जलाने की कोशिश की तो आग भड़क उठी थी। पता चला कि आग पहले से होटल में लगी थी मैंने तुरंत असिस्टेंट को बोला कि होटल में आग लगी है। मैं बाहर आता तो देखा कि होटल जल रहा था। मैं किसी तरह वहां से बचकर निकला।

20 लोगों की मौत, कई घायल

अधिकारियों के अनुसार हादसे में अब तक 21 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों का कहना है कि पूरी इमारत की तलाशी ली जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह गया हो। इसी वजह से अभियान को पूरी सावधानी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

वीडियो में दिखी दहशत और अफरा-तफरी

घटना के बाद सामने आए कई वीडियो इस हादसे की भयावहता को दर्शाते हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि इमारत से घना धुआं निकल रहा है और लोग जान बचाने के लिए रेलिंग तथा ऊंचे हिस्सों से नीचे उतरने या कूदने की कोशिश कर रहे हैं। आग इतनी भीषण थी कि उसका धुआं काफी दूर से दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

विदेशी मेहमान भी थे मौजूद

जानकारी के अनुसार संबंधित रेस्टोरेंट में भोजन के साथ ठहरने की भी व्यवस्था थी। इसी कारण कुछ विदेशी नागरिक भी वहां रुके हुए थे। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतकों और घायलों में कितने विदेशी नागरिक शामिल हैं। प्रशासन इस संबंध में जानकारी जुटा रहा है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच के लिए पुलिस, दमकल विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। तकनीकी विशेषज्ञ भी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आग किस वजह से लगी और क्या सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही हुई थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it