Top
Begin typing your search above and press return to search.

भारत और वियतनाम के वित्त मंत्रियों के बीच हुई अहम बैठक, व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर

राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को भारत और वियतनाम के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हुई

भारत और वियतनाम के वित्त मंत्रियों के बीच हुई अहम बैठक, व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर
X

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को भारत और वियतनाम के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान, दोनों देशों के वित्त मंत्रियों ने वैश्विक अर्थव्यवस्था, बदलते भू-राजनीतिक हालात और भविष्य में सहयोग के नए रास्तों पर विस्तार से चर्चा की।

वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वियतनाम के वित्त मंत्री न्गो वान तुआन से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस बैठक में दोनों देशों के बीच 10 साल पूरे कर चुके व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

मंत्रालय ने बताया कि बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने वैश्विक अर्थव्यवस्था और मौजूदा भू-राजनीतिक चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए। साथ ही, आर्थिक स्थिरता और मजबूती बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने के तरीकों पर चर्चा की गई। वियतनाम ने खास तौर पर टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, ऊर्जा और फार्मा सेक्टर में भारत के साथ सहयोग बढ़ाने में गहरी रुचि दिखाई।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वियतनाम की मजबूत आर्थिक नीतियों और सुधारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सुधारों के चलते वियतनाम की वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ी है और वह ग्लोबल वैल्यू चेन में बेहतर तरीके से जुड़ रहा है।

वहीं, वियतनाम के वित्त मंत्री ने भारत की मजबूत आर्थिक नीतियों की तारीफ की और खास तौर पर टैक्स सुधार, एमएसएमई सेक्टर के विकास और सार्वजनिक निवेश के जरिए आर्थिक वृद्धि के मॉडल को समझने में रुचि जताई।

बैठक में भारत की ओर से एमएसएमई सेक्टर को समर्थन देने वाली योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इसमें टैक्स सुधार, ब्याज सब्सिडी, सरकारी खरीद नीतियां और वर्कफोर्स के लिए एआई स्किलिंग जैसी पहल शामिल हैं।

साथ ही, सरकार द्वारा टैक्स सिस्टम को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए अपनाए गए 'फेसलेस असेसमेंट' और टेक्नोलॉजी-आधारित सिस्टम का भी जिक्र किया गया।

वित्त मंत्री सीतारमण ने पीएम गति शक्ति प्लेटफॉर्म के बारे में भी जानकारी दी, जो इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए एक आधुनिक और टेक्नोलॉजी-आधारित सिस्टम है। इस मॉडल में वियतनाम ने भी खास रुचि दिखाई।

केंद्रीय वित्त मंत्री ने रक्षा मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान वियतनाम की अपनी यात्रा को भी याद किया और दोनों देशों के बीच मजबूत और सौहार्दपूर्ण संबंधों को रेखांकित किया। बैठक में भारत-वियतनाम व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने तथा प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it