कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार को मिलेगी रफ्तार, दो महीने में रिपोर्ट होगी तैयार
हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर प्रदेश में विमानन अवसंरचना विस्तार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर प्रदेश में विमानन अवसंरचना विस्तार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है और बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है।
इस पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने अधिकारियों को कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार परियोजना की टेक्नो-इकोनॉमिक फिजिबिलिटी रिपोर्ट दो महीने के भीतर अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना के लिए योग्य सलाहकार की नियुक्ति कर निर्धारित समयसीमा में रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यदि रिपोर्ट तय समय में तैयार हो जाती है, तो एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा। उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) से परियोजना की लागत का यथार्थपरक आकलन करने का भी आग्रह किया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकसित किए जा रहे हेलीपोर्ट नेटवर्क का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए दूरदराज के इलाकों तक बेहतर पहुंच और आपातकालीन सेवाओं के लिए हेलीपोर्ट बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने हेलीपोर्ट निर्माण के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने उड़ान योजना के तहत हिमाचल प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण के लिए वित्तीय सहायता देने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक में शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों के संचालन पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने शिमला को नियमित हवाई संपर्क उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। साथ ही एयरपोर्ट की रनवे क्षमता के अनुरूप उपयुक्त विमानों के संचालन की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने कांगड़ा एयरपोर्ट की तर्ज पर शिमला एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के बजाय हिमाचल प्रदेश पुलिस को सौंपने का प्रस्ताव भी रखा। केंद्रीय मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त कर दी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार, शिमला से नियमित उड़ानें और मजबूत हेलीपोर्ट नेटवर्क न केवल पर्यटन क्षेत्र को गति देंगे, बल्कि दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएंगे।


