Top
Begin typing your search above and press return to search.

नारी शक्ति का अपमान, विपक्ष ने जश्न मनाया : हरदीप सिंह पुरी

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला है

नारी शक्ति का अपमान, विपक्ष ने जश्न मनाया : हरदीप सिंह पुरी
X

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला है। पुरी ने लिखा कि पीएम मोदी ने अपने ऐतिहासिक संबोधन में देश की माताओं और बहनों से भावुक होकर माफी मांगी कि तमाम बेहतरीन प्रयासों के बावजूद ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ में संशोधन नहीं हो सके।

हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "कोई भी महसूस कर सकता था कि पीएम मोदी जी कितने गहरे तक आहत थे। हमारे देश की नारी शक्ति अभी भी उस ताकत से वंचित है जो इस संशोधन के पारित होने से मिलती। भारत यह देख रहा है कि महिलाओं की प्रगति को रोक दिया गया और इस प्रक्रिया का मेजें थपथपाकर स्वागत व जश्न मनाया गया।"

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने संसद में इस प्रयास की हत्या कर दी। उन्होंने झूठी अफवाहें और गलत जानकारी फैलाई। पुरी ने स्पष्ट किया कि यह संशोधन किसी से कुछ छीनने के बारे में नहीं था, बल्कि हर किसी को कुछ देने के बारे में था। उन्होंने कहा, "यह महिलाओं को वे अधिकार देने के बारे में था जो 40 वर्षों से लंबित थे और जो 2029 के चुनावों में उन्हें मिलने वाले थे। यह उनके रास्ते से बाधाओं को हटाने के लिए एक ‘महा-यज्ञ’ था।"

पुरी ने आगे लिखा कि इन पार्टियों ने भारत की माताओं और बहनों की हार का जश्न मनाया और संविधान निर्माताओं की भावनाओं का अपमान किया। "इस देश की महिलाएं इस अपमान को कभी नहीं भूलेंगी।"

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "हमारे लिए प्राथमिकता ‘देश हित’ है, लेकिन विपक्ष के लिए प्राथमिकता ‘दल हित’ थी। नारी शक्ति को कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसी पार्टियों की स्वार्थी राजनीति का बोझ उठाना पड़ा।"

पुरी ने कहा कि यदि यह विधेयक पास हो जाता तो तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, केरल समेत हर राज्य में सीटों की संख्या बढ़ जाती। विरोध करने वालों ने उन्हीं लोगों को निराश किया, जिनका प्रतिनिधित्व करने का वे दावा करते हैं।

हरदीप सिंह पुरी ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को 'फूट डालो और राज करो' की राजनीति विरासत में अंग्रेजों से मिली है। आज भी कांग्रेस उसी सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के विषय से नफरत करती है और हर बार इसे रोकने की साजिश रचती है।

पुरी ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प अटूट है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस हमेशा से सुधार-विरोधी पार्टी रही है। जब भी इस दिशा में प्रयास किए गए, कांग्रेस ने बाधाएं खड़ी कीं। इस बार भी उन्होंने झूठ का सहारा लिया और राष्ट्र को गुमराह करने की कोशिश की।"


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it