WhatsApp Username फीचर पर सरकार की बड़ी कार्रवाई, Meta को नोटिस
व्हाट्सएप के प्रस्तावित यूजरनेम फीचर को लेकर केंद्र सरकार ने चिंता जताई है। यह फीचर मोबाइल नंबर साझा किए बिना चैट करने की सुविधा देगा

Meta को नोटिस: 3 दिन में जवाब दो!
- राष्ट्रीय सुरक्षा बनाम निजता: WhatsApp पर टकराव
- फर्जी पहचान का खतरा, सरकार सख्त
- उद्योग जगत की चेतावनी: धोखाधड़ी बढ़ेगी!
नई दिल्ली। व्हाट्सएप के प्रस्तावित यूजरनेम फीचर को लेकर केंद्र सरकार ने चिंता जताई है। यह फीचर मोबाइल नंबर साझा किए बिना चैट करने की सुविधा देगा, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि इससे धोखाधड़ी और फर्जी पहचान के मामले बढ़ सकते हैं। इसी कारण सरकार ने व्हाट्सएप की मूल कंपनी Meta को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर विस्तृत जवाब मांगा है।
सुरक्षा और निजता पर सवाल
सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह फीचर यूजर्स को ऐसे यूजरनेम बनाने की अनुमति दे सकता है जो असली संस्थाओं या व्यक्तियों से मिलते-जुलते हों। इससे पहचान छिपाकर धोखाधड़ी, फिशिंग और डिजिटल फ्रॉड जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। अधिकारियों ने साफ किया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और जन सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
कानूनी पहलुओं की जांच
सूत्रों ने बताया कि अधिकारी यह भी देख रहे हैं कि क्या इस फीचर पर रोक लगाने के लिए कानूनी प्रावधान मौजूद हैं। यदि Meta का जवाब संतोषजनक नहीं हुआ, तो सरकार भारत में इस फीचर को लॉन्च करने की अनुमति रोक सकती है।
उद्योग जगत की प्रतिक्रिया
पेटीएम के संस्थापक और सीईओ विजय शेखर शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा उपाय मजबूत नहीं हुए तो मिलते-जुलते यूजरनेम धोखाधड़ी का बड़ा जरिया बन सकते हैं। वहीं, नाटडेटिंग के सह-संस्थापक जसवीर सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि "निजता मायने रखती है" और इस फीचर से यूजर्स की प्राइवेसी प्रभावित हो सकती है।
सरकार के सवाल
नोटिस में सरकार ने Meta से पूछा है कि यह फीचर भारतीय कानूनों, खासकर आईटी एक्ट 2000 और आईटी नियम 2021 का पालन कैसे करेगा। साथ ही यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर कानून प्रवर्तन एजेंसियां संदेश भेजने वाले की पहचान कैसे कर पाएंगी।
WhatsApp का पक्ष
कंपनी ने दावा किया है कि नया फीचर यूजर्स की सुरक्षा को और मजबूत करेगा। व्हाट्सएप के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति बार-बार यूजरनेम का अनुमान लगाकर मैसेज भेजने की कोशिश करेगा तो उसे ब्लॉक किया जा सकेगा। साथ ही फर्जी अकाउंट्स को हटाने की व्यवस्था भी होगी। कंपनी ने यह भी कहा कि जब कोई नया अकाउंट आपके यूजरनेम से जुड़कर मैसेज करेगा, तो ऐप यह बताएगा कि वह नया अकाउंट है या आपके कॉन्टैक्ट्स में शामिल है।


