Top
Begin typing your search above and press return to search.

द्वारका सड़क हादसा: साहिल की मौत के बाद पुलिस पर सवाल, नाबालिग आरोपी और कार मालिक पर भी होगी कार्रवाई

हादसे से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में काले रंग की एक स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में जाती दिखाई देती है। इसी दौरान साहिल अपनी यामाहा आर-15 बाइक से एक स्कूल बस को ओवरटेक करते नजर आते हैं।

द्वारका सड़क हादसा: साहिल की मौत के बाद पुलिस पर सवाल, नाबालिग आरोपी और कार मालिक पर भी होगी कार्रवाई
X
नई दिल्ली। Sahil Dhaneshra Accident Row: द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में 3 फरवरी को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक साहिल धनेशरा की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार के सवालों, इंटरनेट मीडिया पर उठे जनाक्रोश और वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अंकित सिंह ने स्पष्ट किया है कि मामले में न केवल नाबालिग आरोपी, बल्कि उसके पिता और वाहन मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साहिल की मां इन्ना माकन ने पुलिस की शुरुआती जांच और एफआईआर की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मामले में लापरवाही बरती गई और आरोपी की उम्र को लेकर भ्रम की स्थिति ने जांच की दिशा प्रभावित की।

आरोपी की उम्र को लेकर विवाद

हादसे के तुरंत बाद दर्ज की गई प्रारंभिक एफआईआर में आरोपी को 19 वर्षीय बालिग बताया गया था। लेकिन बाद में प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर उसकी उम्र 17 वर्ष पाई गई और उसे नाबालिग मानते हुए किशोर न्याय बोर्ड (जेजे बोर्ड) के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया। साहिल की मां ने सवाल उठाया है कि यदि आरोपी के पास लाइसेंस नहीं था और उसकी उम्र स्पष्ट नहीं थी, तो पुलिस ने प्रारंभिक स्तर पर दस्तावेजों की गहन जांच क्यों नहीं की। उनका कहना है कि “अगर शुरुआत में सही जांच होती, तो कई तथ्य पहले ही सामने आ जाते।” डीसीपी अंकित सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि घटना के समय मौके पर पकड़े गए आरोपी ने खुद को 19 वर्ष का बताया था। उसी आधार पर प्रारंभिक कार्रवाई की गई। बाद में दस्तावेजों की जांच में उसकी उम्र 17 वर्ष सामने आई। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

हादसे का भयावह वीडियो

हादसे से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में काले रंग की एक स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में जाती दिखाई देती है। इसी दौरान साहिल अपनी यामाहा आर-15 बाइक से एक स्कूल बस को ओवरटेक करते नजर आते हैं। इसके बाद कुछ ही क्षणों में तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो बाइक से टकरा जाती है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। बाइक से टकराने के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी एक कैब से जा भिड़ी, जिससे कैब बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कैब चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ। वीडियो में स्पष्ट है कि वाहन की गति काफी अधिक थी। हालांकि, पुलिस दुर्घटना की तकनीकी जांच कर रही है और स्पीड, ब्रेकिंग दूरी तथा अन्य परिस्थितियों का विश्लेषण किया जा रहा है।

भागने की कोशिश, लोगों ने पकड़ा

हादसे के बाद का एक अन्य वीडियो भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि आरोपी नाबालिग को स्थानीय लोगों ने घेर रखा है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि आरोपी और उसकी बहन मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन भीड़ ने उन्हें रोक लिया। वीडियो में दोनों भाई-बहन को लोगों से उलझते हुए भी देखा गया है। बाद में पुलिस के पहुंचने पर उन्हें हिरासत में लिया गया। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जो अब जांच का हिस्सा हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उजागर की दुर्घटना की गंभीरता

साहिल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हादसे की भयावहता को उजागर किया है। रिपोर्ट के अनुसार, टक्कर और सड़क पर गिरने के कारण उनके सिर के बाएं हिस्से में गंभीर फ्रैक्चर हुआ। मस्तिष्क के भीतर भारी रक्तस्राव के कारण सूजन उत्पन्न हुई, जो घातक साबित हुई। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि बाईं ओर की चौथी, पांचवीं और छठी पसलियां बुरी तरह टूट गई थीं। टूटी हुई पसलियों और टक्कर के दबाव के कारण फेफड़ों में गंभीर चोट आई और अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव हुआ। चिकित्सकीय राय के अनुसार, सिर की गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण साहिल की कुछ ही समय में मृत्यु हो गई।

जस्टिस फॉर साहिल’ बना जन-आंदोलन

साहिल की मौत के बाद न्याय की मांग इंटरनेट मीडिया पर एक अभियान का रूप ले चुकी है। ‘जस्टिस फॉर साहिल’ नाम से ऑनलाइन याचिका चलाई गई है, जिस पर अब तक चार हजार से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। लोग आरोपी, उसके पिता (जो वाहन मालिक बताए जा रहे हैं) और मामले से जुड़े अन्य जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने नाबालिगों को वाहन सौंपने की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई है। द्वारका साउथ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। डीसीपी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर भरोसा दिलाया है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई होगी।

मां का संघर्ष और सवाल

साहिल की मां इन्ना माकन अपने बेटे के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा मेहनती और जिम्मेदार था। “मेरे बेटे की जान गई है, लेकिन मैं चाहती हूं कि ऐसा किसी और के साथ न हो,” उन्होंने कहा। उनका आरोप है कि हादसे के समय आरोपी के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। ऐसे में यह भी सवाल उठता है कि वाहन मालिक ने नाबालिग को गाड़ी क्यों सौंपी।

दो कमरों का घर, बड़े सपने

साहिल अपनी मां के साथ द्वारका सेक्टर-8 के बी ब्लॉक में दो कमरों के फ्लैट में रहते थे। उनकी मां पहले मेकअप आर्टिस्ट थीं, बाद में प्रॉपर्टी का काम करने लगीं। साहिल भी अपनी मां का हाथ बंटाते थे। माता-पिता का तलाक कई वर्ष पहले हो गया था और 2018 में उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद साहिल अपनी मां के साथ ही रहते थे। परिवार के करीबी लोगों के मुताबिक, साहिल अपने भविष्य को लेकर गंभीर थे और परिवार की जिम्मेदारियों को समझते थे।

सख्त कार्रवाई की जाएगी


पुलिस का कहना है कि वाहन मालिक और आरोपी के पिता की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि यह पाया गया कि उन्होंने जानबूझकर नाबालिग को वाहन चलाने दिया, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, आरोपी नाबालिग बाल सुधार गृह में है और मामला जेजे बोर्ड के समक्ष विचाराधीन है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

कई स्तरों पर सवाल


द्वारका का यह हादसा केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि कई स्तरों पर सवाल खड़े करने वाली घटना बन गया है, नाबालिगों को वाहन सौंपने की प्रवृत्ति, जांच की पारदर्शिता और सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही। साहिल की मौत ने एक परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है, वहीं समाज में जिम्मेदारी और जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच और न्यायिक प्रक्रिया किस दिशा में आगे बढ़ती है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it