दिल्ली में गरीबों के चावल पर सियासी घमासान, AAP ने लगाया 22 हजार करोड़ के घोटाले का आरोप, सिरसा ने दी चेतावनी
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर चावल की खरीद और आपूर्ति के नाम पर बड़े घोटाले की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

नई दिल्ली: गरीबों को चावल उपलब्ध कराने की कथित प्रस्तावित योजना को लेकर दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर चावल की खरीद और आपूर्ति के नाम पर बड़े घोटाले की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पार्टी का दावा है कि इस पूरी कवायद से सरकारी चावल को निजी कंपनी तक पहुंचाकर हजारों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का रास्ता तैयार किया जा रहा था। हालांकि, भाजपा और दिल्ली सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
AAP का दावा- 23.20 रुपये किलो का चावल 46 रुपये में बेचने की तैयारी
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि खाद्य आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के विभाग की सिफारिश पर भारतीय खाद्य निगम (FCI) से बड़े पैमाने पर चावल हासिल करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। AAP के मुताबिक, करीब 23.20 रुपये प्रति किलो की दर से असम की एक निगम को हर सप्ताह लगभग 31 हजार मीट्रिक टन चावल उपलब्ध कराने की योजना थी। पार्टी का आरोप है कि यह चावल उन गरीब लोगों के लिए प्रस्तावित था, जो राशन कार्ड नहीं होने के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। AAP का दावा है कि आगे चलकर इसी चावल को हरियाणा की एक निजी कंपनी को करीब 46 रुपये प्रति किलो की दर से बेचने की योजना बनाई गई थी।
तीन साल की व्यवस्था में हजारों करोड़ का सवाल
AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि यदि यह व्यवस्था करीब तीन वर्षों तक जारी रहती तो चावल की बिक्री का कुल मूल्य लगभग 22 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच सकता था। पार्टी ने इसी आधार पर करीब 11 हजार करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार की आशंका जताई है। दिल्ली AAP संयोजक सौरभ भारद्वाज ने इस मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के स्तर पर शिकायत किए जाने के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त आयुक्त अरुण झा को निलंबित किया गया है। भारद्वाज ने कहा कि केवल अधिकारी को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
BJP ने आरोपों को बताया राजनीतिक हताशा
AAP के आरोपों पर दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार में किसी तरह का घोटाला नहीं हुआ है और आम आदमी पार्टी के आरोप राजनीतिक हताशा से प्रेरित हैं। कपूर ने दावा किया कि पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सामने आ रहे सर्वे में AAP की स्थिति कमजोर दिखने के बाद पार्टी के नेता दिल्ली में बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने AAP पर 'आरोप लगाओ और भाग जाओ' की राजनीति करने का आरोप लगाया।
सिरसा ने दी 24 घंटे में माफी मांगने की चेतावनी
खाद्य आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी सौरभ भारद्वाज और संजीव झा के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सिरसा ने दोनों नेताओं को कथित तौर पर झूठे और निराधार आरोप लगाने के लिए 24 घंटे के भीतर माफी मांगने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर दोनों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। सिरसा ने आरोपों को पूरी तरह निराधार, झूठा, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण बताया। उनका कहना है कि इन आरोपों का उद्देश्य उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाना और उन्हें बदनाम करना है।


