Top
Begin typing your search above and press return to search.

दिल्ली में मॉडल मुस्कान हत्याकांड: एनकाउंटर के बाद जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय इमरान बुधवार शाम करीब 5:40 बजे मुस्कान की बिल्डिंग में दाखिल हुआ था। उस समय मुस्कान घर में अकेली थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद इमरान ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

दिल्ली में मॉडल मुस्कान हत्याकांड: एनकाउंटर के बाद जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
X

नई दिल्ली: तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय मॉडल और छात्रा मुस्कान की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार देर रात वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ की टीम ने राजौरी गार्डन इलाके में आरोपी को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, इमरान ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है।

आरोपी ने किया हमला

पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय इमरान बुधवार शाम करीब 5:40 बजे मुस्कान की बिल्डिंग में दाखिल हुआ था। उस समय मुस्कान घर में अकेली थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद इमरान ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मुस्कान को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को शाम करीब 7:24 बजे तिलक नगर थाने में चाकू से हमला किए जाने की PCR कॉल मिली थी। मुस्कान के भाई के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। परिवार की ओर से भी इमरान पर संदेह जताया गया था।

हत्या के बाद मुस्कान का मोबाइल लेकर भागा

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद इमरान मुस्कान का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया था। पुलिस ने बाद में फोन सड़क किनारे से बरामद किया। जांच में उसकी आखिरी लोकेशन दिल्ली के नांगल इलाके में मिली। आरोपी की तलाश में पुलिस ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बैरिकेड और चेकपॉइंट लगाए। करीब 15 टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया था। पुलिस के मुताबिक, इमरान लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिससे उसे पकड़ने में मुश्किल हुई।

CCTV फुटेज से राजौरी गार्डन में मिला सुराग

पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में इमरान को मुस्कान की बिल्डिंग में प्रवेश करते हुए देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने उसकी गतिविधियों का पता लगाना शुरू किया। गुरुवार को CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने इमरान को राजौरी गार्डन इलाके में ट्रेस किया। पुलिस के मुताबिक, टीम ने जब उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो उसने पिस्तौल से चार गोलियां चलाईं। जवाब में पुलिस ने सात गोलियां चलाईं। कार्रवाई में आरोपी के पैर में तीन गोलियां लगीं। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे काबू में लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अब उसके पास मौजूद हथियार और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

जिम में हुई थी मुस्कान और इमरान की पहली मुलाकात

जांच में सामने आया है कि मुस्कान की इमरान से मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले एक जिम में हुई थी। इमरान वहां जिम ट्रेनर के तौर पर काम करता था। पुलिस के मुताबिक, दोनों पिछले कुछ समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इमरान पिछले करीब दो महीने से मुस्कान से नाराज था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मुस्कान के किसी दूसरे युवक से बातचीत करने को लेकर इमरान नाराज था। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की अंतिम वजह की पुष्टि नहीं की है।

20 अगस्त को होटल में मिले थे दोनों

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुस्कान और इमरान 20 अगस्त को एक होटल में मिले थे। अब जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उस मुलाकात के बाद दोनों के बीच क्या हुआ और हत्या से पहले उनके बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था। मुस्कान दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग की सेकेंड ईयर की छात्रा थी और पश्चिमी दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहती थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के साथ CCTV फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य साक्ष्यों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it