Top
Begin typing your search above and press return to search.

दिल्ली : जामिया मिलिया इस्लामिया ने 24 नवंबर तक बढ़ाईं ऑनलाइन कक्षाएं, शीतकालीन अवकाश की भी घोषणा

जामिया मिलिया इस्लामिया (जेएमआई) में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन कक्षाओं की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी नए कार्यालय आदेश के अनुसार, अब सभी ऑनलाइन कक्षाएं 24 नवंबर तक संचालित की जाएंगी।

दिल्ली : जामिया मिलिया इस्लामिया ने 24 नवंबर तक बढ़ाईं ऑनलाइन कक्षाएं, शीतकालीन अवकाश की भी घोषणा
X

नई दिल्ली। जामिया मिलिया इस्लामिया (जेएमआई) में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन कक्षाओं की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी नए कार्यालय आदेश के अनुसार, अब सभी ऑनलाइन कक्षाएं 24 नवंबर तक संचालित की जाएंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि कैंपस की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के लिए सभी डीन, विभागाध्यक्षों, निदेशकों और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर का माहौल नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के लिए अनुकूल नहीं है। छात्रों की सुरक्षा और शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारु रूप से जारी रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

आदेश के अनुसार, विषम (ऑड) सेमेस्टर की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से 24 नवंबर तक जारी रहेगी।

विश्वविद्यालय ने परीक्षा कार्यक्रम में भी बदलाव किया है। सभी प्रैक्टिकल, फील्ड वर्क, प्रोजेक्ट वाइवा और माइनर प्रोजेक्ट वाइवा जैसी परीक्षाएं 25 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएंगी।

वहीं, थ्योरी पेपर की एंड-सेमेस्टर परीक्षाएं 1 दिसंबर से 24 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आयोजित होंगी।

जेएमआई प्रशासन ने शीतकालीन अवकाश (विंटर वेकेशन) की भी घोषणा की है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विंटर वेकेशन 25 दिसंबर 2026 से 12 जनवरी 2027 तक रहेगा। इसके बाद सम (ईवन) सेमेस्टर की कक्षाएं 13 जनवरी 2027 से शुरू होंगी।

विश्वविद्यालय ने सभी डीन, विभागाध्यक्षों और निदेशकों को निर्देश दिया है कि वे ऑनलाइन कक्षाओं, मध्यावधि और सेमेस्टर परीक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही छात्रों की उपस्थिति और अन्य शैक्षणिक रिकॉर्ड नियमित रूप से बनाए रखें।

बता दें कि जामिया मिलिया इस्लामिया में पिछले कई दिनों से छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय में करीब दो दशक से छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं। छात्रों की मांग है कि चुनाव कराने के लिए समिति गठित की जाए, चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाए और चुनाव प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।

इसी पृष्ठभूमि में विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले सभी कक्षाओं को ऑनलाइन करने का फैसला लिया था और अब सुरक्षा कारणों से इस व्यवस्था को 24 नवंबर तक बढ़ा दिया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it