Top
Begin typing your search above and press return to search.

BJP विधायक कैलाश गहलोत की बेटी देविना बनीं सीयूईटी टॉपर, देविना को 3 विषय में 100 पर्सेंटाइल

देविना ने कहा- "मैं बहुत खुश हूं। मुझे पता था कि मेरी परीक्षा अच्छी गई है, लेकिन मैंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि मुझे ऑल इंडिया रैंक 1 मिलेगी।" अपने परिवार और शिक्षकों को श्रेय देते हुए उन्होंने कहा- "मेरे परिवार और शिक्षकों के सहयोग के बिना यह उपलब्धि हासिल करना मुमकिन नहीं होता।"

BJP विधायक कैलाश गहलोत की बेटी देविना बनीं सीयूईटी टॉपर, देविना को 3 विषय में 100 पर्सेंटाइल
X

नई दिल्ली: कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) यूजी 2026 के नतीजों में दिल्ली की छात्रा देविना गहलोत ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) वसंत कुंज की छात्रा देविना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित किया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और लगातार मेहनत से बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। देविना दिल्‍ली के पूर्व मंत्री और बिजवासन के भाजपा विधायक कैलाश गहलोत की बेटी हैं। हालांकि, उनकी पहचान अब केवल एक राजनीतिक परिवार की सदस्य के रूप में नहीं, बल्कि देश की शीर्ष छात्राओं में शामिल होने के कारण भी हो रही है।

परिवार और शिक्षकों के सहयोग से उपलब्धि

देविना ने कहा- "मैं बहुत खुश हूं। मुझे पता था कि मेरी परीक्षा अच्छी गई है, लेकिन मैंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि मुझे ऑल इंडिया रैंक 1 मिलेगी।" अपने परिवार और शिक्षकों को श्रेय देते हुए उन्होंने कहा- "मेरे परिवार और शिक्षकों के सहयोग के बिना यह उपलब्धि हासिल करना मुमकिन नहीं होता।"

तीन विषयों में मिले 100 पर्सेंटाइल

सीयूईटी यूजी 2026 में देविना गहलोत ने पांच विषयों में परीक्षा दी थी। इनमें से तीन विषयों में उन्होंने 100 पर्सेंटाइल प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। उनके विषयवार परिणाम इस प्रकार हैं—

अंग्रेजी – 99.99 पर्सेंटाइल

अर्थशास्त्र/व्यावसायिक अर्थशास्त्र – 100 पर्सेंटाइल

ललित कला/दृश्य कला/व्यावसायिक कला – 99.91 पर्सेंटाइल

राजनीति विज्ञान – 100 पर्सेंटाइल

मनोविज्ञान – 100 पर्सेंटाइल

इन अंकों के आधार पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया। कुल 1,250 में से 1,232.18 अंक प्राप्त किए। देविना ने प्रत्येक विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्हें अंग्रेजी में 241.95 अंक, अर्थशास्त्र में 249.53 अंक, ललित कला में 241.11 अंक, राजनीति विज्ञान में 249.58 अंक और मनोविज्ञान में 250 अंक प्राप्त हुए। इस प्रकार पांचों विषयों में उनके कुल अंक 1,250 में से 1,232.18 रहे। यह स्कोर उन्हें देशभर के लाखों उम्मीदवारों में सबसे आगे ले गया।

12वीं बोर्ड में भी किया था शानदार प्रदर्शन

देविना गहलोत पहले से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं। उन्होंने 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 99.2 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां लगातार यह दर्शाती हैं कि उन्होंने अपनी पढ़ाई को लेकर अनुशासित और योजनाबद्ध दृष्टिकोण अपनाया। परिवार और शिक्षकों के अनुसार, देविना शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही हैं और समय प्रबंधन तथा नियमित अभ्यास को अपनी सफलता का आधार मानती हैं।

देविना ने बताया सफलता का फॉर्मूला

देविना ने कहा- "शुरुआत में कुछ मुश्किलें आईं क्योंकि बोर्ड परीक्षाओं के ठीक बाद ही तैयारी शुरू करनी थी। कभी-कभी मुझे लगता था कि शायद मैं यह नहीं कर पाऊंगी। लेकिन जब मैंने गंभीरता से पढ़ाई शुरू की, तो मेरा आत्मविश्वास बढ़ा। लंबे समय तक पढ़ाई करने के बजाय हर दिन नियमित रूप से पढ़ाई करना बेहतर है। रिविज़न और बीच-बीच में ब्रेक लेना भी ज़रूरी है।" उन्होंने कहा- "सिर्फ़ लंबे समय तक पढ़ाई करने से ज्‍यादा जरूरी निरंतरता और अनुशासन है।" देविना की साहित्य में गहरी रुचि है। उन्होंने बताया- "मुझे साहित्य पसंद है। पढ़ना और लिखना मेरे शौक हैं।" वह अंग्रेज़ी में ऑनर्स डिग्री करने पर विचार कर रही हैं"।

सेंट स्टीफंस कॉलेज में दाखिले का लक्ष्य

सीयूईटी में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद अब देविना की नजर दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज में प्रवेश पर है। वह उच्च शिक्षा के लिए इसी संस्थान को प्राथमिकता देना चाहती हैं। माना जा रहा है कि उनके उत्कृष्ट अंकों के कारण उन्हें पसंदीदा पाठ्यक्रम और कॉलेज में प्रवेश पाने में आसानी होगी।

विधायक कैलाश गहलोत को बेटी पर गर्व

देविना के पिता और बीजेपी विधायक कैलाश गहलोत ने बेटी की उपलब्धि का जश्न मनाते हुए एक्‍स पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने कहा- "बेहद गर्व और आभार के साथ हम यह जानकारी साझा कर रहे हैं कि हमारी छोटी बेटी देविना गहलोत ने CUET (UG) - 2026 में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है। उसने देश में सबसे ज्‍यादा कुल NTA स्कोर प्राप्त किया है। यह शानदार उपलब्धि उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, दृढ़ता और उत्कृष्टता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विधायक ने बेटी की जिज्ञासा को प्रेरित करने, उसकी क्षमता को निखारने और उसे मार्गदर्शन देने के लिए शिक्षकों और मेंटर्स का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पत्नी व बड़ी बेटी के सहयोग का भी जिक्र किया। -

16 दिनों में घोषित हुआ रिजल्ट

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सीयूईटी यूजी 2026 के परिणाम जारी किए। इस बार परीक्षा समाप्त होने के केवल 16 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर दिए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12 दिन पहले है। एनटीए के अनुसार, इस वर्ष सीयूईटी यूजी 2026 के लिए 15.68 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 11.64 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इन्हीं छात्रों के परिणाम अब जारी किए गए हैं।

सफलता बनी प्रेरणा

देविना गहलोत की उपलब्धि उन लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि निरंतर अभ्यास, स्पष्ट लक्ष्य और आत्मविश्वास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया जा सकता है। उनकी यह उपलब्धि न केवल परिवार और स्कूल के लिए गर्व का विषय है, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it