Top
Begin typing your search above and press return to search.

सीएम रेखा गुप्ता ने लाजपत नगर का किया दौरा, 'विलेज कॉटेज होम' के बच्चों के साथ बिताए पल

मातृ दिवस के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लाजपत नगर स्थित विलेज कॉटेज होम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 'आफ्टरकेयर स्कीम फॉर यंग पर्सन्स' की घोषणा की।

सीएम रेखा गुप्ता ने लाजपत नगर का किया दौरा, विलेज कॉटेज होम के बच्चों के साथ बिताए पल
X

नई दिल्ली। मातृ दिवस के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को लाजपत नगर स्थित विलेज कॉटेज होम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 'आफ्टरकेयर स्कीम फॉर यंग पर्सन्स' की घोषणा की।

वित्त वर्ष 2026–27 के लिए 3.5 करोड़ रुपए के बजट से समर्थित यह योजना 18 वर्ष की आयु के बाद चाइल्ड केयर संस्थानों से बाहर आने वाले युवाओं को पुनर्वास सहायता, उच्च शिक्षा सहयोग, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन, इंटर्नशिप और आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। यह योजना दिल्ली सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत हर युवा को सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर भविष्य बनाने के लिए आवश्यक सहयोग, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि मदर्स डे के अवसर पर मैंने लाजपत नगर में स्थित 'विलेज कॉटेज होम' के बच्चों के साथ कुछ बेहद दिल को छू लेने वाले और भावुक पल बिताए।

उन्होंने कहा कि इन बच्चों की मुस्कान में अपनापन और सच्चा जुड़ाव झलकता है। इनके साथ बिताया गया हर पल हमेशा मेरे साथ रहेगा। हर बच्चे को प्यार, सुरक्षा, अच्छी शिक्षा और परिवार का अपनापन मिले—यही एक संवेदनशील समाज की पहचान है। दिल्ली सरकार ऐसे हर बच्चे के जीवन में विश्वास, अवसर और एक उज्ज्वल भविष्य की नई रोशनी लाने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने अपने दूसरे 'एक्स' पोस्ट में कहा कि मैंने आज 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026' के अंतर्गत नई दिल्ली और करोल बाग जिलों के लिए आयोजित प्रशिक्षण सत्रों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम ने उपस्थित कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने और आगामी लक्ष्यों पर संवाद करने का अवसर प्रदान किया।

उन्होंने आगे कहा कि किसी भी संगठन के लिए अनुशासन और प्रशिक्षण, दोनों ही अत्यंत आवश्यक हैं। प्रशिक्षण वह प्रक्रिया है जो कार्यकर्ता के भीतर वैचारिक स्पष्टता और कार्यकुशलता का विकास करती है। भाजपा का कार्यकर्ता ही वह मुख्य आधार है, जो संगठन के विचारों और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाता है। जब कार्यकर्ता प्रशिक्षित और दृढ़-संकल्पित होता है, तभी राष्ट्र-निर्माण का संकल्प पूर्ण होता है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी विचारधारा का देश के कोने-कोने तक अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। अंग, बंग और कलिंग से लेकर गंगोत्री से गंगा सागर तक, सेवा और सुशासन का कमल सर्वत्र खिला है। यह लाखों निष्ठावान भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण और अथक परिश्रम का ही परिणाम है।

इस अवसर पर सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक हरीश खुराना, उमंग बजाज, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र बब्बर, तथा समर्पित कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it