Top
Begin typing your search above and press return to search.

राघव चड्ढा के कहने पर मोदी सरकार ने अशोक मित्तल के घर कराई ईडी की रेड- प्रियंका कक्कड़

अशोक मित्तल को राज्यसभा में उपनेता बनाने से नाराज राघव चड्ढा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर ईडी रेड की मांग की थी- प्रियंका कक्कड़

राघव चड्ढा के कहने पर मोदी सरकार ने अशोक मित्तल के घर कराई ईडी की रेड- प्रियंका कक्कड़
X

अरविंद केजरीवाल ने आम घर से आए राघव चड्ढा को सड़क से उठाकर संसद तक पहुंचाया और वो पीठ में छूरा घोंप रहे- प्रियंका कक्कड़

  • आम आदमी पार्टी ने भाजपा की तानाशाही पहले भी झेली है, हम इनकी रेड और जेल से डरने वाले नहीं हैं- प्रियंका कक्कड़
  • ‘‘आप’’ को भाजपा तब तक नहीं रोक पाएगी, जब तक देश के हर एक बच्चे को अच्छी और मुफ्त शिक्षा नहीं मिल जाती- प्रियंका कक्कड़

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल के घर ईडी की रेड पर सांसद राघव चड्ढा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा के कहने पर ही मोदी सरकार ने यह रेड कराई है। अशोक मित्तल को राज्यसभा में उपनेता बनाने से नाराज राघव चड्ढा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की थी और उन्होंने अशोक मित्तल के घर ईडी की रेड व अपने लिए जेड प्लस की सुरक्षा की मांग की थी। बुधवार को एक तरफ अशोक मित्तल के घर ईडी की रेड हुई और दूसरी तरफ राघव चड्ढा को जेड प्लस सुरक्षा भी मिल गई। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने एक आम घर से आए राघव चड्ढा को सड़क से उठाकर संसद तक पहुंचाया और अब वो पीठ में छूरा घोंप रहे हैं। मेरा सुझाव है कि राघव चड्ढा ऐसा न करें।

बुधवार को “आप” मुख्यालय पर मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने प्रेसवार्ता कर कहा कि भाजपा द्वारा ईडी का दुरुपयोग करना, विपक्ष को शत्रु की भावना से देखना और उनसे बदला लेना, विपक्ष को जेल में डाल देना और उनके परिवार वालों को प्रताड़ित करना, यह सब आम आदमी पार्टी ने झेला है। अब इन सबसे “आप” का कोई भी नेता नहीं डरता। हम आम आदमी पार्टी के सिपाही इन छापों और जेलों से नहीं डरने वाले हैं। भाजपा हमें तब तक नहीं रोक पाएगी, जब तक हमारे देश के हर एक बच्चे तक उच्च गुणवत्ता वाली मुफ्त शिक्षा न पहुंच जाए। भाजपा इस मिशन को नहीं रोक पाएगी, वे कुछ भी कर लें, उन्हें जो करना है कर लें।

प्रियंका कक्कड़ ने आगे कहा कि आज पंजाब में “आप” सांसद अशोक मित्तल के यहां ईडी का छापा पड़ा है। इस छापे से दुख इसलिए हो रहा है क्योंकि यह आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा के कहने पर डाला गया है। हमें पता चला है कि कुछ समय पहले राघव चड्ढा की भाजपा के नेताओं के साथ एक गुप्त बैठक हुई थी। उस बैठक में द्वेष की भावना से राघव चड्ढा ने अशोक मित्तल के यहां छापेमारी करने को कहा था। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि आज उच्च सदन (राज्यसभा) में आम आदमी पार्टी के उपनेता अशोक मित्तल हैं, जो पद पहले राघव चड्ढा के पास था।

प्रियंका कक्कड़ ने बताया कि इतना ही नहीं, उस बैठक में राघव चड्ढा अपने लिए जेड प्लस सुरक्षा भी मांगते हैं, जो आज उन्हें मिल भी गई है। इस बात का बहुत दुख है कि “आप” के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ने एक आम परिवार से आए लड़के और एक सामान्य कार्यकर्ता को सड़क से उठाकर संसद तक पहुंचा दिया, और बदले में वे कितनी ओछी और अहसान फरामोश हरकतें कर रहे हैं।

प्रियंका कक्कड़ ने भाजपा से कहा कि आम आदमी पार्टी के लोग ईडी की छापेमारी, जेल और उनके झूठे मुकदमों से बिल्कुल नहीं डरते। भाजपा ने ईडी का इतना दुरुपयोग किया है, लेकिन अगर ईडी कहीं सही जगह समन भेज दे (उदाहरण के तौर पर फरवरी में कैप्टन अमरिंदर सिंह को ईडी ने समन भेजे थे), तो जिस ईडी अधिकारी ने समन भेजे, उसका ही तबादला हो गया। सबको पता है कि भाजपा नेताओं के यहां कोई छापेमारी नहीं होती है और सारी छापेमारी आम आदमी पार्टी व विपक्ष के ऊपर होती है। यह बात किसी से छिपी नहीं है।

प्रियंका कक्कड़ ने आगे कहा कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात राघव चड्ढा द्वारा अपने गुरुओं और उस पार्टी की पीठ में छुरा घोंपना है, जिसने उन्हें सब कुछ दिया। यह बेहद निंदनीय है। मैं पार्टी की एक छोटी सी कार्यकर्ता हूं, लेकिन फिर भी मैं उन्हें यही सलाह दूंगी कि वे यह सब न करें। भाजपा जब अपने लोगों की सगी नहीं होती, तो किसी और की क्या होगी? आज हमने यह दिन भी देख लिया कि राघव चड्ढा ही आम आदमी पार्टी की पीठ में छुरा घोंपने की कोशिश में लगे हैं, जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और खेदजनक है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it