Top
Begin typing your search above and press return to search.

साइकिल घोटाले पर ‘‘आप’’ का हल्लाबोल, एफआईआर और आशीष सूद की बर्खास्तगी की मांग

सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में ‘‘आप’’ नेताओं-कार्यकर्ताओं ने दिल्ली सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर रेखा गुप्ता सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

सीएम ने साइकिल घोटाले पर मिलने से मना कर दिया, अब मंगलवार को एलजी से मिलकर कार्रवाई की मांग करेंगे- सौरभ भारद्वाज

  • बाजार में 4 हजार में मिल रही साइकिल को 7 हजार में खरीद कर सरकार और ठेकेदार ने 40 करोड़ का कमीशन खाया- सौरभ भारद्वाज
  • एसीबी में शिकायत की, एलजी-सीएम को चिट्ठी लिखी, फिर भी कार्रवाई नहीं, क्या भाजपा को लूट की छूट है?- संजीव झा
  • घोटालेबाज मंत्री आशीष सूद को सीएम रेखा गुप्ता क्यों बचा रहीं हैं, क्या वह भी इस लूट में शामिल हैं?- कुलदीप कुमार

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने स्कूली छात्राओं में बांटी गई साइकिलों की खरीद में हुए करोड़ों रुपए के घोटाले को लेकर सोमवार को दिल्ली सचिवालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी तादात में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए और रेखा गुप्ता गुप्ता सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सौरभ भारद्वाज ने कहा कि साइकिल घोटाले में सरकार को तत्काल एफआईआर दर्ज करनी चाहिए और मंत्री आशीष सूद को बर्खास्त कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सचिवालय सीएम रेखा गुप्ता से मिलने गए थे, लेकिन वह नहीं मिलीं। अब मंगलवार को हम एलजी से मिलने जाएंगे और साइकिल समेत अन्य घोटाले में कार्रवाई करने का अनुरोध करेंगे।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि स्कूल की छोटी-छोटी बच्चियों को बांटी जाने वाली साइकिलों में सरकार ने 40 करोड़ रुपए का भ्रष्टाचार किया है, वह सबके सामने है। जो साइकिल बाजार में 4000 रुपए की मिल रही है, हमने भी 4000 रुपए की साइकिल खरीदी और उस पर 200 रुपए टैक्स दिया। लेकिन जब सरकार ने 1 लाख 30 हजार साइकिलें खरीदीं, तो सरकार ने एक साइकिल 7000 रुपए में खरीदी है। यानी सरकार और ठेकेदार ने मिलकर साइकिलों पर करीब 40 करोड़ रुपए का कमीशन खाया है। खुल्लम-खुल्ला यह लूट सबके सामने है। हमने एसीबी में शिकायत भेजी, मगर एसीबी ने एफआईआर दर्ज नहीं की है और रेखा गुप्ता पूरी तरह से इस मामले में चुप बैठी हैं।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इसका साफ मतलब यह है कि रेखा गुप्ता एक कमजोर और लचर मुख्यमंत्री हैं, जिनका नाम पर्ची से निकाला गया है। उनका दिल्ली में कोई जनाधार नहीं है, इसलिए वह अपने मंत्री से पूछ भी नहीं सकतीं कि इस भ्रष्टाचार के पीछे कौन लोग हैं। इसीलिए मुख्यमंत्री ने इसके ऊपर इंक्वायरी तक का ऑर्डर नहीं दिया है। इसका दूसरा कारण यह भी हो सकता है कि इस लूट के अंदर बड़े-बड़े लोग शामिल हैं और इसका कमीशन बड़े-बड़े लोगों की जेबों तक पहुंचा है, इसलिए मुख्यमंत्री चुप लगा कर बैठी हैं। इसके लिए शिक्षा मंत्री आशीष सूद को बर्खास्त करना पड़ेगा और हम आशीष सूद का इस्तीफा लेकर रहेंगे।


उधर, बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने कहा कि भाजपा मंत्री आशीष सूद के विभाग में बच्चों की साइकिल में 40 करोड़ रुपए का घोटाला कर लिया है। हमने इसके सारे साक्ष्य दिल्ली विधानसभा में दिए। हमने एलजी साहब और दिल्ली की मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। आखिर इन लुटेरों को बचाया क्यों जा रहा है? हमने एसीबी में कंप्लेंट की, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसका मतलब यही है कि अगर कोई भाजपा में हैं, तो उसे लूट की पूरी छूट है।

संजीव झा ने बताया कि हम एलजी साहब से मिलने गए थे और उन्होंने 1 सितंबर का समय दिया है। अगर भाजपा और एलजी ईमानदारी की बात करते हैं, तो उनको भ्रष्टाचारियों को बाहर निकालना पड़ेगा। भ्रष्टाचारियों के साथ मिलकर ईमानदारी तो नहीं दिखाई जा सकती। अगर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने मंत्री का इस्तीफा नहीं लेती हैं, तो यह साबित हो जाएगा कि वे भी भ्रष्टाचारियों के साथ मिलकर सरकार चला रही हैं। हम उम्मीद करते हैं कि मंगलवार को जब हम एलजी साहब से मिलने जाएंगे, तो वे इस पूरे मामले पर सख्त कार्रवाई करेंगे।

वहीं, कोंडली विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली में घोटालेबाज सरकार के मंत्री आशीष सूद का इस्तीफा मांगने के लिए आज हजारों लोग यहां पहुंचे हैं। हम सचिवालय के बाहर इसलिए पहुंचे हैं क्योंकि यहां वह भाजपा मंत्री आशीष सूद बैठते हैं, जिनके विभाग ने बच्चियों की साइकिल में घोटाला किया है और 4000 रुपए की साइकिल को 7000 रुपए में खरीदने का काम किया है। यह इतनी भ्रष्टाचारी सरकार है कि इसके हर विभाग में लीकेज है और ऐसे मंत्री सरकार में बैठे हुए हैं।

कुलदीप कुमार ने भाजपा मंत्री आशीष सूद से पूछा कि जो साइकिल मैंने 4200 रुपए में खरीदी, वो साइकिल उन्होंने 7000 रुपए में क्यों खरीदी? अगर वे यह घोटाला नहीं करते, तो दिल्ली की 7वीं, 8वीं, 10वीं और 11वीं क्लास की और भी बच्चियों को साइकिल मिल सकती थी। मंत्री ने उस साइकिल को दोगुने दाम में खरीदने का काम किया है और वे कुर्सी पर बैठे हुए हैं। मंत्री तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दें।

कुलदीप कुमार ने कहा कि अगर जल्द से जल्द इस्तीफा नहीं हुआ तो दिल्ली में और बड़ा आंदोलन होगा और यह समझा जाएगा कि रेखा गुप्ता भी इस घोटाले में शामिल हैं क्योंकि वह एक ऐसे मंत्री को बचा रही हैं, जिसके विभाग में बच्चियों की साइकिल में घोटाला किया है। जब तक आशीष सूद का इस्तीफा नहीं हो जाता, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it