दिल्ली कांग्रेस का 272 वार्डों में ‘कोरोना की धुलाई’ अभियान
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस 27 अप्रैल से निगम के सभी 272 वार्डों में ‘कोरोना की धुलाई’ महाअभियान शुरू करेगी।

नयी दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस 27 अप्रैल से निगम के सभी 272 वार्डों में ‘कोरोना की धुलाई’ महाअभियान शुरू करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार और भाजपा शासित निगम कोविड -19 के चलते दिल्ली में सेनेटाइजेशन करने में पूर्णतया विफल रहे हैं और राजधानी में कोरोना तेजी से फैल रहा है। हाॅटस्पाॅट क्षेत्रों में भी सेनेटाइज नहीं हो पा रहा है।
चौधरी अनिल ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस राजधानी में लगभग 106 ‘कांग्रेस की रसोई’ के जरिए गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करा रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कोरोना वायरस और लॉकडाउन को लेकर उन्होंने कई मुद्दों पर उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री को कई पत्र लिखे लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच लड़ाई के कारण, एमसीडी कर्मचारियों को वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जिसके कारण कई क्षेत्रों के एमसीडी कर्मचारी हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे चुके है अतः तुरन्त उनका वेतन दिया जाना चाहिए।


