कैबिनेट की पहली बैठक में होगी किसानों के कर्जमाफी का निर्णय: बघेल
छत्तीसगढ़ के मनोनीत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि उनकी कैबिनेट की पहली बैठक में किसानो की कर्जमाफी का निर्णय लिया जायेगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मनोनीत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि उनकी कैबिनेट की पहली बैठक में किसानो की कर्जमाफी एवं झीरम घाटी नक्सल हमले षडयंत्र की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का निर्णय लिया जायेगा।
बघेल ने राजभवन में सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद पत्रकारों से कहा कि कैबिनेट की पहली बैठक में ही किसानों से समर्थन मूल्य पर 2500 रूपए प्रति क्विंटल पर धान खरीद करने का निर्णय होगा।उन्होने कहा कि कल वह शपथ लेने के बाद पार्टी आलाकमान से चर्चा कर अपने मंत्रिमंडल का गठन करेंगे।
उन्होने कहा कि पांच वर्ष तक उन्होने सामूहिक नेतृत्व में पार्टी संगठन चलाया और अब वह पांच वर्ष तक सामूहिक नेतृत्व में सरकार बेहतर ढ़ग से चलाकर दिखा देंगे।
उन्होने कहा कि पार्टी ने चुनावों में किसानों ही नही बल्कि दूसरे वर्गों से भी जो चुनावी वादे किए है,उसके भी समयबध्द ढ़ग से पूरा करेंगे। उन्होने नक्सलवाद से सम्बधित प्रश्न के उत्तर में कहा कि इस समस्या का चुटकी बजाते हल नही हो सकता।इसके लिए भी वह पूरे कदम उठायेंगे।
बघेल ने कहा कि कल आयोजित होने वाले उनके शपथ ग्रहण में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, लोकसभा में संसदीय दल के नेता मल्लकार्जन खडगे तथा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।इसके लिए उन्होने स्वयं बात की है।उनकी स्वीकृति देर शाम तक मिल जायेंगी।


