पार्षदों ने सीएमओ व नपा अध्यक्ष पर लगाया मनमानी का आरोप
पुरातन नगरी रतनपुर के स्थानीय निकाय नगर पालिका में मुख्य नपा अधिकारी अध्यक्ष एवं पार्षदों के बीच लंबे समय से गतिरोध चला आ रहा है
कलेक्टर को सौपा ज्ञापन कहा-जल्दी कार्रवाई नहीं हुई तो देंगे सामूहिक इस्तीफा
रतनपुर। पुरातन नगरी रतनपुर के स्थानीय निकाय नगर पालिका में मुख्य नपा अधिकारी अध्यक्ष एवं पार्षदों के बीच लंबे समय से गतिरोध चला आ रहा है आज नपा के 13 पार्षदो ने जल्द ही मुख्य नपा अधिकारी पूजा पिल्ले का तबादला और अध्यक्ष की वापस बुलाये जाने हेतु आवेदन पर कार्रवाई नही होने पर सामूहिक इस्तीफे की बात कही है।
नपा रतनपुर में पार्षदो एवं मुख्य नपा अधिकारी और अध्यक्ष के बीच लंबे समय से घमासान मचा हुआ है जिसके चलते नगर विकास काफी पीछे छुट गया है मुख्य नपा अधिकारी पूजा पिल्ले पर पार्षदो ने भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप लगाते हुए कई बार लिखित शिकायत नगरीय प्रशासन मंत्री से लेकर जिलाधीश के पास कर चुके हैं लेकिन महिनो बीत जाने के बाद भी अब तक मुख्य नपा अधिकारी पूजा पिल्ले का तबादला हुआ है और ना ही उन पर कोई जांच टीम बैठाई गई है पार्षदो का आरोप है कि मुख्य नपा अधिकारी के लापरवाह पूर्वक रवैये और नपा अध्यक्ष आशा सूर्यवंशी के तानाशाही के चलते ही नगर का विकास नही हो पा रहा है इसी तारतम्य में पार्षदो द्वारा नपा अध्यक्ष श्रीमती आशा सूर्यवंशी को पद से हटाने हेतु वापस बुलाये जाने का आवेदन जिलाधीश के पास सौंपा है।
तो देंगे सामूहिक इस्तीफा
वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद कन्हैया यादव ने जानकारी देते बताया की 31 अगस्त को 1961 की धारा 47 के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए बिलासपुर कलेक्टर पी दयान्नद के पास हम 13 पार्षदो ने आवेदन देकर नपा अध्यक्ष पर कार्रवाई करते हुए उन्हें वापस बुलाये जाने हेतु आवेदन दिया था जिसमें लगभग दो महिने का समय बीत चुका है लेकिन अब तक किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नही हुई है हमारे द्वारा पुन:आवेदन देते हुए कहा गया है कि अगर जल्द ही वापस बुलाये जाने वाले आवेदन पर कार्रवाई नही हुई तो हम नपा रतनपुर के 13 पार्षद सामूहिक इस्तीफा देने पर बाध्य होंगे।
ये आरोप हैं सीएमओ पर
इस संबंध में जानकारी देते वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद दामोदर सिंह क्षत्रिय ने बताया की मुख्य नपा अधिकारी पूजा पिल्ले द्वारा लगातार अपने पद का दुरूपयोग करते कार्य किया जा रहा है पूजा पिल्ले द्वारा नगर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठेकेदारों से साठ गांठ कर घटिया शौचालय का निर्माण कराया गया है। वही अधोसंरचना मद से प्राप्त राशि का दुरुपयोग करते हुए बिना कार्य पूर्ण हुए ही ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया है। मुख्य नपा अधिकारी पार्षद मद के कामो को लेकर भी गंभीर नही है जिसके चलते नगर के 15 वार्डो का बुरा हाल है यदि इन सब की जल्द जांच और उनका स्थानान्तरण नही किया जाता तो हम 13 पार्षदो ने कलेक्टर को ज्ञापन के माध्यम से कहा है कि हमारे द्वारा 15 दिवस बाद सामूहिक इस्तीफा दिया जाएगा।
जल्द होगी कार्रवाई-कलेक्टर
इस मामले में दूरभाष पर जब संपर्क कर जानकारी लिया गया तो बिलासपुर जिलाधीश पी दयान्नद ने बताया की पार्षदो द्वारा नपा अध्यक्ष को हटाने वापस बुलाये जाने संबंधी ज्ञापन दिया गया है जिस पर कार्रवाई जारी है वही मुख्य नगर पालिका अधिकारी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते जांच की मांग करते उनके स्थानान्तरण की मांग भी पार्षदो द्वारा की गई है जिस पर प्रशासनिक स्तर पर जल्द कार्रवाई की जायेगी।


