Top
Begin typing your search above and press return to search.

कोरोना संक्रमितों की संख्या 40 हजार के पार,1306 की मौत

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही हैं और शनिवार शाम से रविवार तक रिकॉर्ड 2487 नये मामले सामने आने के साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या 40 हजार के पार पहुंच गयी ।

कोरोना संक्रमितों की संख्या 40 हजार के पार,1306 की मौत
X

नयी दिल्ली। देश में कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ संक्रमण के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही हैं और शनिवार शाम से रविवार तक रिकॉर्ड 2487 नये मामले सामने आने के साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या 40 हजार के पार पहुंच गयी तथा इसके कारण 83 और लोगों की मौत होने से मृतकों की तादाद 1306 हो गयी है।

देश के 32 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस के अब तक कुल 40263 मामलों की पुष्टि हुई है जिनमें 111 विदेशी मरीज शामिल हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने के मामलों में भी लगातार वृद्धि हो रही है और पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमित 869 लोगों के स्वस्थ होने के साथ ऐसे लोगों की संख्या 10887 पहुंच चुकी है। देश में वर्तमान में 28070 सक्रिय मामले हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार शाम पांच बजे जारी आंकड़ों के अनुसार कोरोना वायरस से सबसे अधिक गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में स्थिति में कोई सुधार हाेता नहीं दिख रहा है और पिछले एक दिन में 790 नये मामलों के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 12296 पर पहुंच गयी है और इस दौरान 36 और लोगों की मौत के बाद इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 521 हो गयी है। राज्य में 2000 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं।

पश्चिमी राज्य गुजरात पिछले 24 घंटों के दौरान 334 नये मामले सामने आने के साथ संक्रमितों की संख्या के मामलों में दूसरे स्थान पर बना हुआ है। गुजरात में संक्रमितों की कुल संख्या 5055 हो गयी है तथा 26 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 262 पर पहुंच गयी है। राज्य में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़कर 896 हो गयी है।

इसके बाद देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली मेंं स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पिछले 24 घंटाें में 384 नये मामले दर्ज किये जाने के कारण अब तक कुल 4122 लोग इस महामारी से संक्रमित हुए हैं। दिल्ली में तीन और संक्रमितों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 64 हो गयी है जबकि अब तक कुल 1256 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

कोरोना वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 127 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2846 हो गयी है जबकि मरने वालों की संख्या 11 बढ़कर 156 हो गयी है। राज्य में 798 मरीज ठीक भी हो चुके हैं।

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान 106 नये मामले सामने आये हैं और इनका आंकड़ा बढ़कर 2772 हो गया। राज्य में इस दौरान तीन और मरीजों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या 65 हो गयी हैं। राज्य में 1121 मरीज ठीक हुए हैं।

दक्षिण भारतीय राज्य तमिलनाडु में 231 नये संक्रमित सामने आये हैं और संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2757 हो गई तथा राज्य में एक और व्यक्ति की मौत के मृतकों का आंकड़ा 29 हो गया है। राज्य में 1341 मरीज अब तक ठीक हुए हैं।

देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में संक्रमण के 171 नये मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 2626 हो गई है तथा मृतकों की संख्या 43 पर ही बनी हुयी है। राज्य में अभी तक 698 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में 1583 और कर्नाटक में 606 लोग संक्रमित हैं तथा इन राज्यों में क्रमश: 33 और 25 लोगों की मौत हुई है। दक्षिणी राज्य तेलंगाना में संक्रमितों की कुल संख्या 1063 हो गयी और इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 28 हो गयी है। केरल में 500 लोग संक्रमित हुए हैं और चार लोगों की मौत हुई है।

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या 666 है और आठ लोगों की मौत हुुई है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में 33, पंजाब में 20, बिहार और हरियाणा में चार-चार, झारखंड में तीन तथा मेघालय, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और असम में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it