कोरोना का संक्रमण फैलने से लाल हुआ शेयर बाजार
घरेलू बाजारों में भी चौतरफा बिकवाली रही और बीएसई का सेंसेक्स 806.89 अंक यानी 1.96 प्रतिशत लुढ़ककर 40,363.23 अंक पर तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 242.25 अंक यानी 2.01 प्रतिशत लुढ़ककर 11,838.60 अंक

मुंबई । कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ का संक्रमण फैलने से वैश्विक बाजारों के साथ-साथ घरेलू बाजारों में भी चौतरफा बिकवाली रही और बीएसई का सेंसेक्स 806.89 अंक यानी 1.96 प्रतिशत लुढ़ककर 40,363.23 अंक पर तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 242.25 अंक यानी 2.01 प्रतिशत लुढ़ककर 11,838.60 अंक पर बंद हुआ।
यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का तीन सप्ताह का निचला स्तर है। साथ ही आज की गिरावट 01 फरवरी को बजट पेश होने के दिन के बाद घरेलू शेयर बाजारों की सबसे बड़ी गिरावट भी है। बिकवाली का जोर इस कदर बाजार पर हावी रहा कि सेंसेक्स की सभी 30 और निफ्टी की सभी 50 कंपनियाँ लाल निशान में बंद हुईं। बीएसई के सभी समूहों के सूचकांक भी गिरावट में रहे।
‘कोविड-19’ का संक्रमण फैलने से दूसरे एशियाई बाजारों तथा यूरोपीय बाजारों में भी बिकवाली रही। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3.87 फीसदी, हांगकांग का हैंगसेंग 1.79 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.28 फीसदी की गिरावट में बंद हुआ। यूरोप में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 3.07 फीसदी और जर्मनी का डैक्स 3.48 फीसदी लुढ़क गये।
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रबंध निदेशक क्रिस्टीना जॉर्जीवा ने कहा है कि कोरोना के कारण इस साल वैश्विक अर्थव्यवस्था को 0.1 फीसदी का नुकसान हो सकता है जबकि चीन की विकास दर जनवरी में जारी अनुमान से 0.4 प्रतिशत कम रहने की संभावना है। यदि इसके संक्रमण को जल्दी नहीं नियंत्रित किया गया तो यह गिरावट ज्यादा भी हो सकती है।
कॅमोडिटी क्षेत्र की कंपनियों पर कोरोना का सबसे ज्यादा दबाव देखा गया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल पौने चार प्रतिशत लुढ़क गया। धातुओं में भी भारी गिरावट देखी गयी।
बीएसई में धातु समूह का सूचकांक सर्वाधिक पौने छह फीसदी टूटा। सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर करीब साढ़े छह फीसदी की गिरावट में रहा। ओएनजीसी में पौने पाँच प्रतिशत की गिरावट रही।
विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू बाजारों पर शुरू से ही दबाव रहा। सेंसेक्स 133.11 अंक की गिरावट में 41,037.01 अंक पर खुला और यही इसका दिवस का उच्चतम स्तर भी रहा। दिन चढ़ने के साथ-साथ बाजार में बिकवाली भी बढ़ती गयी। एक समय यह 40,306.36 अंक तक उतर गया था। अंत में यह गत दिवस की तुलना में 806.89 अंक लुढ़ककर 40,363.23 अंक पर रहा। यह 03 फरवरी के बाद का इसका निचला स्तर है।
बीएसई में कुल 2,698 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,769 कंपनियों के शेयर लाल निशान में और 748 के हरे निशान में बंद हुये जबकि 181 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंतत: अपरिवर्तित रहे।
निफ्टी 68.30 अंक टूटकर 12,012.55 अंक पर खुला और यही इसका दिवस का उच्च्तम स्तर रहा। बीच कारोबार में 11,813.40 अंक तक लुढ़कने के बाद अंतत: यह 242.25 अंक की गिरावट में 11,838.60 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई के समूहों में धातु में सर्वाधिक 5.71 प्रतिशत की गिरावट रही। ऑटो समूह का सूचकांक 3.39 प्रतिशत, दूरसंचार का 3.33, बुनियादी वस्तुओं का 2.97, ऊर्जा का 2.67, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद का 2.34, तेल एवं गैस का 2.28, सीडीजीएंडएस का 2.24, रियलिटी का 2.11, वित्त का 1.89, बिजली का 1.73, यूटिलिटीज का 1.69, पूँजीगत वस्तुओं का 1.68, एफएमसीजी का 1.63, बैंकिंग का 1.58, टेक का 1.46 और आईटी का 1.04 प्रतिशत लुढ़क गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील के शेयर सबसे ज्यादा 6.39 फीसदी टूटे। ओएनजीसी में 4.72 प्रतिशत, मारुति सुजुकी में 4.24, टाइटन में 3.42, एचडीएफसी में 3.29, आईसीआईसीआई बैंक में 3.13, भारती एयरटेल में 2.88, बजाज ऑटो में 2.76, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 2.74, हीरो मोटोकॉर्प में 2.51, एक्सिस बैंक में 2.44, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 2.14 और आईटीसी में 2.12 प्रतिशत की गिरावट रही।
महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 1.95 फीसदी, टीसीएस के 1.86, पावरग्रिड के 1.80, सनफार्मा के 1.69, एलएंडटी के 1.66, एनटीपीसी के 1.48, भारतीय स्टेट बैंक के 1.45, हिंदुस्तान यूनिलिवर के 1.42, बजाज फाइनेंस के 1.28, नेस्ले इंडिया के 1.23, एशियन पेंट्स के 1.13, इंडसइंड बैंक के 0.95, अल्ट्राटेक सीमेंट के 0.93, टेक महिंद्रा के 0.91, एचडीएफसी बैंक के 0.60, कोटक महिंद्रा बैंक के 0.47 और इंफोसिस के 0.18 प्रतिशत की गिरावट में रहे।


