Top
Begin typing your search above and press return to search.

कोरोना: विश्व में 81653 की मौत,14.19 लाख संक्रमित

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा

कोरोना: विश्व में 81653 की मौत,14.19 लाख संक्रमित
X

बीजिंग/ जेनेवा/ नयी दिल्ली । वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है और अब विश्व के अधिकतर देशों (205 देशों और क्षेत्रों) में फैल चुके इस संक्रमण के कारण अब तक 81653 लोगों की मौत हो गयी है तथा 1419105 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। विश्व भर में अब तक करीब तीन लाख लोग इस वायरस से ठीक हो चुके हैं।

भारत में भी कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है और स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह जारी किये गये आंकड़ों के मुताबिक देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अब तक 5194 लोग इससे संक्रमित हुए हैं, जबकि 149 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 402 लोग इसके संक्रमण से पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं।

कोरोना वायरस से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित यूरोपीय देश इटली में इस महामारी के कारण सबसे अधिक 17127 लोगों की मौत हुई है और अब तक 135586 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। इस संक्रमण से दुनिया भर में सबसे अधिक लोगों की मृत्यु इटली में ही हुई है।

इस वैश्विक महामारी के केंद्र चीन में अब तक 81802 लोग इससे संक्रमित हुए हैं और 3333 लोगों की मृत्यु हुई है। इस वायरस को लेकर तैयार की गयी एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन में हुई मौत के 80 प्रतिशत मामले 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के थे।

विश्व की महाशक्ति माने-जाने वाले अमेरिका में यह महामारी विकराल रूप ले चुकी है जहां अब तक करीब चार लाख लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। यहां पर अब तक 398185 लोग इससे संक्रमित हुए हैं जिनमें से 12 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है। अमेरिका में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 12844 पहुंच गया है।

स्पेन इस संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित होने वाले देशों की सूची में अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर है। यहां अब तक 141942 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं और 14045 लोगों की इसके प्रकोप से मृत्यु हो चुकी है। मौत के मामले में भी स्पेन का इटली के बाद दूसरा स्थान है।

इस बीच, कोरोना से संक्रमण के मामले में यूरोपीय देश फ्रांस ने एक बार फिर जर्मनी को पीछे छोड़ दिया है। फ्रांस में अब तक 109,069 लोग संक्रमित हुए हैं जिनमें से 10328 लाेगों की मौत हो चुकी है। वहीं जर्मनी में कोरोना से अब तक 107663 लोग संक्रमित हुए हैं और 2016 लोगों की मौत हुयी है। संक्रमण के मामले में दोनों यूरोपीय देशों ने पिछले 24 घंटे के दौरान एक लाख का आंकड़ा पार किया है।

इसके अलावा ब्रिटेन में 55242 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं और अब तक 6159 लोगों की इसके कारण मौत हो चुकी है।

कोरोना से गंभीर रूप से प्रभावित खाड़ी देश ईरान में 62589 लोग इससे संक्रमित हुए हैं जबकि 3872 लोगों की इसके कारण मौत हुई है।

नीदरलैंड में 2101, बेल्जियम में 2035, स्विट्जरलैंड में 787, ब्राजील में 667, तुर्की में 649, स्वीडन में 591, कनाडा में 369, पुर्तगाल में 345 और ऑस्ट्रिया में 243 लोगों की मौत हो चुकी है। दक्षिण कोरिया में इस महामारी से अब तक 200 लोगों की मौत हुयी है जबकि 10384 लोग इससे संक्रमित हुए हैं।

गौरतलब है कि पूरे विश्व में कोरोना से संक्रमित 299,677 लोग अब तक पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it