उपभोक्ता सहकारी समितियों के प्रतिनिधि लेंगे सहकारी नेतृत्व का प्रशिक्षण
राष्ट्रीय सहकारी शिक्षा केन्द्र नई दिल्ली में 3 से 5 दिसम्बर तक आयोजित सहकारी प्रशिक्षण में भाग लेगा

दल्लीराजहरा। बालोद जिला सहकारी संघ मर्यादित बालोद के तत्वावधान में जिले के उपभोक्ता सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों का दल तीन दिवसीय नेतृत्व विकास प्रशिक्षण के लिए नई दिल्ली रवाना हुआ। 11 सदस्यीय यह दल भारतीय राष्ट्रीय सहकारी संघ द्वारा राष्ट्रीय सहकारी शिक्षा केन्द्र नई दिल्ली में 3 से 5 दिसम्बर तक आयोजित सहकारी प्रशिक्षण में भाग लेगा।
इन प्रशिक्षणार्थियों के आने-जाने, ठहरने, खाने, प्रशिक्षण, शैक्षणिक भ्रमण का सारा खर्च भारतीय राष्ट्रीय सहकारी संघ नई दिल्ली द्वारा उठाया जाता है। बालोद जिला सहकारी संघ द्वारा इन प्रशिक्षणार्थियों को लंच व नाश्ता पेकेट, फाइल फोल्डर, राइटिंग पेड, पेन भेंट कर दुर्ग रेल्वे स्टेशन से रवाना किया गया। छग राज्य सहकारी संघ अध्यक्ष लखन लाल साहू ने सभी प्रशिक्षणार्थियों का फूल माला से सम्मान करते हुए कहा कि नई दिल्ली से प्रशिक्षण प्राप्त कर क्षेत्र के और लोगों को भी प्रशिक्षित करें ताकि सहकारिता का उजियारा चंहु ओर फैले।
बालोद जिला सहकारी संघ अध्यक्ष झुनमुन गुप्ता ने कहा कि जिले की 12 महिलाओं का दल नेतृत्व विकास प्रशिक्षण के लिए 15 दिसंबर को नई दिल्ली रवाना होगा। जिले के गुण्डरदेही व गुरुर ब्लाक के कृषि समितियों के 40 प्रबंधकों/ सहायक प्रबंधकों का दल 2 फरवरी 2019 को तथा बालोद, लोहारा व डौण्डी ब्लाक के 40 कृषि समितियों के प्रबंधकों/ सहायक प्रबंधकों का दल सहकारी प्रशिक्षण के लिए नई दिल्ली रवाना होगा। शनिवार के कार्यक्रम में जिला संघ के पीआरओ वेदप्रकाश साहू उपस्थित थे।


