छत्तीसगढ़: कांग्रेस मुख्यमंत्री पद के लिए किसी नेता का नाम सामने नहीं लाएगी
कांग्रेस महासचिव एवं छत्तीसगढ़ के प्रभारी पी. एल. पुनिया ने आज कहा कि उनकी पार्टी राज्य में मुख्यमंत्री पद के लिए किसी नेता का नाम घोषित कर चुनाव नहीं लड़ेगी।

कोरबा। कांग्रेस महासचिव एवं छत्तीसगढ़ के प्रभारी पी. एल. पुनिया ने आज कहा कि उनकी पार्टी राज्य में मुख्यमंत्री पद के लिए किसी नेता का नाम घोषित कर चुनाव नहीं लड़ेगी।
बहुमत हासिल होने के बाद पार्टी के विधायक अपने नेता का चुनाव करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने कोरबा आये पुनिया पत्रकारों से चर्चा में यह बात कही।
पुनिया ने प्रदेश प्रदेश में किसी भी तरह की गुटबाजी से इंकार किया। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी एकजुट है। राज्य में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में हम सब मिल जुलकर प्रदेश की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
पुनिया ने प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत के सैक्स सीडी मामले में कांग्रेस की संलिप्तता से इंकार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसा काम नहीं करती। तथ्य सामने आने पर मुद्दा उठाना पड़ता है। फिर चाहे जो अंजाम हो।
उन्होंने सैक्स सीडी प्रकरण की सीबीआई जांच की निष्पक्षता पर संदेह जाहिर करते हुए उच्चतम न्यायालय के जज की देखरेख में मामले की छानबीन की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कह देने से सीडी फर्जी नहीं हो जाती। सीडी की विधिवत प्रयोगशाला में जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मंदिरों में बढ़ती उपस्थिति पर उन्होंने कहा कि गांधी हमेशा से मंदिर आते जाते रहे हैं। यह नयी बात नहीं हैं।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के सवाल पर उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने साफ कह दिया है कि दोनों पक्ष आपस में बात कर समस्या का हल निकालने का प्रयास करें। ऐसा नहीं होने पर कोर्ट को फैसला करना होगा। कांग्रेस की स्पष्ट राय है कि कोर्ट का फैसला आता है, तो उसे सभी पक्षों को मानना चाहिए।


