Top
Begin typing your search above and press return to search.

मप्र: कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री आवास पर, ले जाए जाएंगे जयपुर 

मध्य प्रदेश में जारी सियासी घमासान के बीच कांग्रेस के विधायकों का मुख्यमंत्री आवास पर जुटना शुरू हो गया

मप्र: कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री आवास पर, ले जाए जाएंगे जयपुर 
X

भोपाल । मध्य प्रदेश में जारी सियासी घमासान के बीच कांग्रेस के विधायकों का मुख्यमंत्री आवास पर जुटना शुरू हो गया है। कांग्रेस अपने विधायकों को जयपुर ले जाने वाली है। राज्य की कमलनाथ सरकार पर संकट बना हुआ है, क्योंकि 22 विधायक अपने पदों से इस्तीफा दे चुके हैं, वहीं कांग्रेस के अन्य विधायक भी भाजपा के संपर्क में है। बिसाहू लाल सिंह ऐसे विधायक है जो पद से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हो चुके हैं। इस्तीफा देने वाले विधायकों में से 19 विधायक बेंगलुरु में हैं। कांग्रेस पर संकट और न बढ़े इसलिए कांग्रेस के 90 और निर्दलीय चार विधायकों को जयपुर भेजा जा रहा है।

मुख्यमंत्री कमल नाथ के निर्देश पर कांग्रेस और निर्दलीय विधायकों का बुधवार की सुबह से ही मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। सूत्रों का कहना है कि विधायक यहां नाश्ता करेंगे और उसके बाद जयपुर के लिए रवाना होंगे। जिस विमान से विधायकों को जयपुर ले जाया जा रहा है, वह विमान हवाई अड्डे पर पहुंच चुका है।

विधायक आरिफ मसूद ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए स्वीकारा कि विधायकों को जयपुर भेजा जा रहा है।

इससे पहले भाजपा अपने 100 से अधिक विधायकों को गुरुग्राम ले जा चुकी है। मंगलवार की रात को विशेष विमान से विधायकों को भोपाल से दिल्ली ले जाया गया था।

ज्ञात हो कि मंगलवार की रात को मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री कमलनाथ की मौजूदगी में विधायकों की बैठक हुई थी। इस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि के तौर पर राष्ट्रीय सचिव सुधांशु त्रिपाठी भी मौजूद थे। बैठक में कुल 94 विधायक पहुंचे थे।

पूर्व मंत्री ज्येातिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है, वहीं उनके समर्थक विधायक इस्तीफा दे चुके हैं और कई विधायक अब भी भाजपा के संपर्क में है। 19 विधायक बेंगलुरु में हैं, तीन अन्य विधायकों ने भी बाद में इस्तीफा दे दिया है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी भाजपा के असंतुष्ट विधायकों पर नजर रखे हुए है। दोनों ही दलों में अपने विधायकों को एक जुट रखना इस समय सबसे बड़ी चुनौती है, यही कारण है कि विधायकों को भोपाल से बाहर ले जाया जा रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it