Top
Begin typing your search above and press return to search.

पवार से बात करने के लिए कांग्रेसी नेता मुंबई रवाना

कांग्रेस ने महाराष्ट्र में नयी सरकार की गठन की सरगर्मियों के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, मल्लिकार्जुन खरगे और के सी वेणुगोपाल को मिलाकर एक समूह का गठन किया

पवार से बात करने के लिए कांग्रेसी नेता मुंबई रवाना
X

नयी दिल्ली । कांग्रेस ने महाराष्ट्र में नयी सरकार की गठन की सरगर्मियों के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, मल्लिकार्जुन खरगे और के सी वेणुगोपाल को मिलाकर एक समूह का गठन किया है जो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार के साथ बातचीत करेगा।

वेणुगोपाल ने मंगलवार को यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले सुबह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राकांपा प्रमुख के साथ फोन पर बात की और ताजा राजनीतिक घटनाक्रम पर विचार विमर्श किया।

सूत्रों के अनुसार यह समूह महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेताओं के अलावा अन्य दलों के नेताओं के साथ भी नयी सरकार के गठन पर चर्चा करेगा और भविष्य की रणनीति तय करेगा।

सोमवार सुबह कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कार्य समिति की श्रीमती गांधी की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें महाराष्ट्र में राजनीतिक स्थिति को लेकर विचार विमर्श किया गया था। कार्य समिति की बैठक के बाद पार्टी की महाराष्ट्र इकाई से विचार विमर्श किया गया। बाद में कांग्रेस अध्यक्ष ने श्री पवार से बातचीत की।

वेणुगोपाल ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद सरकार के गठन को लेकर वहां के राजनीतिक हालात पर पार्टी लगातार नजर रख रही है।

शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और श्रीमती गांधी के बीच भी फोन पर बातचीत हुई है। कल सुबह शिव सेना नेता अरविंद सावंत ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से यह कहते हुए इस्तीफा दिया है कि दोनों दलों के बीच पैदा हुई स्थिति को देखते हुए उनका सरकार में बने रहना उचित नहीं है।

महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के नयी सरकार का गठन करने में विफल रहने के बाद राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने राकांपा को आमंत्रित किया है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा को 105 सीटें मिली है और यह सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। शिवसेना के पास 57 विधायक है जबकि राकांपा को 54 सीटों पर विजय हासिल हुई है। विधानसभा में कुल 288 सीटें हैं और बहुमत के लिए आंकड़ा 145 सीटों का है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it