थाली बजाकर स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साह बढ़ाने के लिए देशवासियों को साधुवाद : कांग्रेस
कांग्रेस ने थाली बजा कर कोरोना वायरस से लड़ रहे देश के स्वास्थ्य कर्मियों का धन्यवाद करने के लिए देशवासियों को धन्यवाद दिया है

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने थाली बजा कर कोरोना वायरस से लड़ रहे देश के स्वास्थ्य कर्मियों का धन्यवाद करने के लिए देशवासियों को धन्यवाद दिया है और सरकार से इन कर्मियों के वास्ते तत्काल वित्तीय सहायता देने का आग्रह किया है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शुक्रवार शाम पांच बजे स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साह बढ़ाने के लिए थाली और ताली बजाने के वास्ते देश के लोगो को धन्यवाद दिया और कहा कि देश को अपने जांबाज़ स्वास्थ्य कर्मियों पर गर्व है।
श्रीमती वाड्रा ने ट्वीट किया, “भारत और पूरे विश्व में कोरोना वाइरस से जंग लड़ रहे सभी डाक्टरों, नर्सों, तकनीक विशेषज्ञों, जैव तकनीक के विशेषज्ञों, मेडिकल कर्मियों, मेडिकल सह कर्मियों, स्वास्थ्य सेवकों तथा सेविकाओं और सफाईकर्मियों को धन्यवाद। आपके बिना ये लड़ाई लड़ना संभव नहीं था। हमें आप पर नाज़ है।” उन्होंने सुरक्षाकर्मी और आवश्यक सेवा से जुड़े लोगों का भी धन्यवाद किया।
भारत और पूरे विश्व में कोरोना वाइरस से जंग लड़ रहे सभी डाक्टरों, नर्सों, तकनीक विशेषज्ञों, जैव तकनीक के विशेषज्ञों, मेडिकल कर्मियों, मेडिकल सह कर्मियों, स्वास्थ्य सेवकों/ सेविकाओं और सफाईकर्मियों को धन्यवाद।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) March 22, 2020
आपके बिना ये लड़ाई लड़ना संभव नहीं था।
हमें आप पर नाज़ है। #ThankYou pic.twitter.com/RoF2u37Cj0
श्री सुरजेवाला ने देशवासियो का धन्यवाद किया कि उन्होंने कोरोना से लड़ रहे लोगो का थाली बजाकर उत्साह बढ़ाया है। उन्होंने ट्वीट कर सरकार से इन कर्मियों के हितों के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की और कहा , “सब हेल्थ कर्मियों की सुरक्षा के लिए उन्हें पर्सनल प्रोटेक्शन ईक्विपमेंट्स - एन95 मास्क, ग्लव, फेस शील्ड, गॉगल्स, हैंड कवर्स, रबर बूट्स, डिस्पोज़ेबल गाउंस दें ताकि वो स्वयं वायरस के संक्रमण से बच सकें।”
इसके साथ ही उन्होंने इन कर्मचारियों के लिए वित्तीय सहायता देने की भी मांग की और 130 करोड़ की आबादी के लिए 30,000 वेंटिलेटर को कम बताया और कहा कि इनमे से लगभग 95 फीसदी वेंटिलेटर पहले से ही और बीमारियों से ग्रस्त मरीज़ों के इस्तेमाल में हैं।
उन्होंने कोरोना वायरस के मरीज़ों के लिए आइसोलेशन बेड का इंतज़ाम करने का आग्रह किया और कहा कि अब तक हर 84,000 देशवासियों पर केवल एक आइसोलेशन बेड उपलब्ध है, जो नाकामी है। कोरोना वायरस की जांच संख्या कई गुना बढे क्योंकि 130 करोड़ नागरिकों के इस देश में आज तक केवल 16,109 मामलों में ही सैंपलों की जाँच की गई है, निगरानी में रखे व उनके संपर्क में आए सभी लोगों की जाँच होनी चाहिए।"
प्रवक्ता ने कहा, “कोरोना वायरस के चलते मध्यमवर्गीय लोगों तथा वेतनभोगी वर्ग गंभीर समस्या से जूझ रहा है। मासिक ई एम आई अधिकतर सुविधाओं का रास्ता है। सरकार को ईएमआई स्थगित करनी चाहिए।”


