ईएसआई व पीएफ की चोरी, एएलसी से शिकायत
ठेकेदार मेसर्स विमल एसोसिएट्स द्वारा बालको प्रबंधन की शह पर श्रम विरोधी कार्य करने वाले ठेकेदार पर सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग .........

बालको में गहराया एटक पदाधिकारी की बर्खास्तगी व ठेकेदार से सांठ-गांठ का मामला
कोरबा। ठेकेदार मेसर्स विमल एसोसिएट्स द्वारा बालको प्रबंधन की शह पर श्रम विरोधी कार्य करने वाले ठेकेदार पर सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग करते हुए सहायक श्रमायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया है। एटक पदाधिकारी की बर्खास्तगी और एक अन्य को आरोप पत्र का मामला गरमाया हुआ है।
श्रम संगठन एटक बालको के महासचिव एमएल रजक ने कहा है कि बालको में कार्यरत श्रमिकों को 13000 मासिक 8 घंटे का भुगतान करने के मौखिक अनुबंध पर कार्य पर लगाया गया था। ठेकेदार द्वारा श्रमिकों का खाता आई.डी.बी.आई.बैंक में खुलवा कर उपरोक्त बंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेक बुक रख लिया गया है और उनसे विधि के खिलाफ लगातार प्रतिदिन 12 घंटे एवं कभी-कभी 24 घंटे काम लिया जाता है। इस तरह श्रमिकों को बंधुआ मजदूर बनाकर रखाा गया है। नगद 13 हजार रूपये का भुगतान कर उन्हें न्यूनतम वेतन की राशि वेतन पर्ची में ठेकेदार द्वारा दर्शाया गया है एवं ओटी का भुगतान अभी तक श्रमिकों को नहीं किया गया।
इस तरह ठेकेदार द्वारा ईएसआई एवं पीएफ की चोरी की जाती रही है। सहायक श्रमायुक्त से मांग की गई है कि ठेकेदार को बुलाकर कार्यालय में उक्त श्रमिकों का पासबुक, एटीएम कार्ड एवं चेक बुक तत्काल दिलवाया जाए एवं ओटी की राशि का भुगतान किया जाए एवं ठेकेदार पर विधि अनुसार केस दर्ज किया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश के श्रममंत्री, कलेक्टर, एसपी, उप संचाक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग एवं कर्मचारी राज्य बीमा निगम कोरबा को भी प्रेषित की गई है। याद रहे पिछले दिनों एटक के पदाधिकारी नरसिंहा राव को प्रबंधन द्वारा बर्खास्त करने के साथ सहायक महासचिव एसके सिंंह को आरोप पत्र जारी करने की कार्यवाही से बालको के श्रमजगत में हलचल मची।
एटक ने इस पूरी कार्यवाही के लिए विमल एसोसिएट्स के इंचार्ज हरीश साहू एवं बालको के अधिकारी अनूप कुमार की सांठ-गांठ को जिम्मेदार ठहराया हैे वहीं यह भी आरोप लगाया है कि विमल एसोसिएट्स के खिलाफ की गई शिकायतों पर यह कार्यवाही की गई है। आरोप है कि 24 मई को रात की पाली में कार्यरत श्रमिकों को जबरदस्ती थाना में बुलाकर नरसिंहा राव के विरूद्ध बयान देने के लिए बनाया गया। दूसरी ओर ठेकेदार द्वारा कर्मचारियों के पासबुक, एटीएम, चेकबुक रख लेने और समय से ज्यादा काम कराने की शिकायत पर पुलिस द्वारा पड़ताल की जा रही है।


