छत्तीसगढ़ में राज्य आपदा मोचन बल का गठन
रायपुर ! केन्द्र सरकार के राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की तर्ज पर छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) का गठन किया है।

रायपुर ! केन्द्र सरकार के राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की तर्ज पर छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) का गठन किया है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कल 17 जनवरी को पूर्वान्ह 11.40 बजे राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारंभ करेंगे। वे इस केन्द्र के छात्रावास भवन, प्रशासनिक भवन और सैनिक बैरक का लोकार्पण करेंगे। इस सम्पूर्ण परियोजना को बिलासपुर जिले के विकासखंड तखतपुर स्थित ग्राम भरनी (परसदा) में लगभग दो करोड़ 10 लाख रूपए की लागत से पूर्ण किया गया है। राज्य आपदा मोचन बल के अन्तर्गत अग्निशमन और अन्य आपात कालीन सेवाओं को भी शामिल किया गया है। इन सेवाओं के प्रशिक्षण के लिए अन्तर्गत एक करोड़ 46 लाख रूपए की लागत से छात्रावास भवन, 31 लाख 08 हजार रूपए की लागत से प्रशासनिक भवन और 31 लाख 85 हजार रूपए की लागत से सैनिक बैरक का निर्माण भी किया गया है। इस केन्द्र में होम गार्ड और नागरिक सुरक्षा सहित अग्नि दुर्घटनाओं के दौरान राहत और बचाव उपायों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। न सिर्फ जवानों को बल्कि आम नागरिकों को भी यहां प्रशिक्षित किया जाएगा। भवनों के अचानक गिरने, बाढ़ आदि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की ट्रैनिंग इस केन्द्र में दी जाएगी। मुख्यमंत्री कल 17 जनवरी को बिलासपुर प्रवास के दौरान व्यापार बिहार स्थित त्रिवेणी भवन में पांच दिवसीय राष्ट्रीय उद्योग एवं व्यापार मेले के समापन समारोह में भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस मेले में लगभग 500 स्टाल लगाए गए हैं। मेले का आयोजन लघु और कुटीर उद्य़ोगों को बढ़ावा देने के लिए हर साल किया जाता है।


