Top
Begin typing your search above and press return to search.

छत्तीसगढ़ में बम विस्फोट, एक की मौत तीन घायल

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिला मुख्यालय के समीप स्थित देऊरगांव में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मंदिर में विस्फोट हो गया

छत्तीसगढ़ में बम विस्फोट, एक की मौत तीन घायल
X

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिला मुख्यालय के समीप स्थित देऊरगांव में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मंदिर में विस्फोट हो गया। विस्फोट इतनी जबरदस्त था कि एक बालक की मौत हो गई, वहीं 3 अन्य बुरी तरह घायल हो गए हैं।

थाना प्रभारी परपा के अनुसार चित्रकोट मार्ग पर ग्राम देउरगांव स्थित शिव मंदिर में रोजाना की तरह सुबह पूजा-अर्चना की जा रही थी, इस दौरान मंदिर से निकले कचरे को एक जगह एकत्रित कर जलाया जा रहा था, तभी यह विस्फोट हो गया।

विस्फोट में ज्योति कुमार (10), रामेश्वर (18), विद्याधर (40) और त्रिलोचन (17) गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें आनन-फानन में एमपीएम अस्पताल लाया गया। वहां ज्योति कुमार की मौत हो गयी।

लोहंडीगुड़ा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) राकेश कुमार ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जिस प्रकार से आस-पास के दीवारों पर विस्फोट से छिद्र बन गए हैं, यह निश्चित ही विस्फोटक पदार्थ से हुई घटना है।

हालांकि, फॉरेंसिक की टीम घटना स्थल पर पहुंच चुकी है और जांच के उपरांत ही स्थिति का पता लगाया जा सकेगा। घटना स्थल पर चित्रकोट विधायक दीपक बैज तत्काल पहुंच गए हैं और स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।

इस संबंध में श्री बैज को फोन करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है। जहां ग्रामीण एक ओर अपने क्षेत्र में हुए ऐसी पहली घटना को लेकर डरे-सहमें हुए हैं।

वहीं पुलिस भी सकते में है कि शहर से लगे इस क्षेत्र में विस्फोट कैसे हो गया। हालांकि, इस घटना की सत्यता और आगामी कार्यवाई फॉरेंसिक रिपोर्ट के आने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it