टी20 वर्ल्ड कप: भारत की धमाकेदार जीत पर रायपुर में जश्न
भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूज़ीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया

न्यूज़ीलैंड को 96 रनों से हराकर भारत तीसरी बार चैंपियन
- जयस्तंभ चौक पर आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों संग जश्न
- CM विष्णु देव साय ने टीम इंडिया को दी बधाई
- भारत बना तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश
रायपुर। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूज़ीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर की तरह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी जबरदस्त उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला।
भारत की जीत की खबर मिलते ही शहर के हृदय स्थल जयस्तंभ चौक पर क्रिकेट प्रेमियों और आम लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में युवा तिरंगा लेकर सड़कों पर उतर आए और भारत माता के जयकारों के साथ जीत का जश्न मनाया। जयस्तंभ चौक पर देर रात तक पटाखों और आतिशबाजी की गूंज सुनाई देती रही। युवाओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते हुए भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत का उत्सव मनाया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी टीम इंडिया को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने एक बार फिर विश्व कप का खिताब जीतकर हर भारतवासी को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि इस जीत के साथ ही भारत यह खिताब तीन बार जीतने वाला पहला देश बन गया है।
मुख्यमंत्री ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरी टीम को हार्दिक बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी हमारा तिरंगा इसी तरह विश्व मंच पर शान से लहराता रहेगा और भारत का गौरव निरंतर बढ़ता रहेगा।


