छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार पर गृहमंत्री का सख्त रुख
छत्तीसगढ़ प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार को लेकर सियासत तेज हो गई है। चर्चित आरोपी नव्या मलिक के मामले में प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस और पूर्ववर्ती सरकार पर तीखा प्रहार किया है

नव्या मलिक मामले में कांग्रेस पर तीखा हमला
- भाजपा सरकार ने की गिरफ्तारी, कांग्रेस पर लापरवाही का आरोप
- विदेश यात्राओं पर उठे सवाल, जांच न होने पर निशाना
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार को लेकर सियासत तेज हो गई है। चर्चित आरोपी नव्या मलिक के मामले में प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस और पूर्ववर्ती सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
गृहमंत्री ने कहा कि वर्तमान में विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही नव्या मलिक के खिलाफ कार्रवाई हुई, उसकी गिरफ्तारी हुई और उसे जेल भी भेजा गया।
इस दौरान शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में नव्या मलिक कई बार विदेश यात्रा पर गई, लेकिन उस दौरान उसके गतिविधियों की गंभीरता से जांच नहीं की गई। गृहमंत्री ने सवाल उठाया कि आखिर उन यात्राओं का उद्देश्य क्या था और उस समय इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। चाहे कोई भी व्यक्ति या गिरोह इससे जुड़ा हो, कानून के अनुसार कठोर कदम उठाए जाएंगे और ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी ।


