पंजाब में ‘आप’ सरकार का ईमानदारी का नकाब उतर चुका: नायब सिंह सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार का ईमानदारी का नकाब अब उतर चुका है और वहां की जनता वादाखिलाफी व भ्रष्टाचार से परेशान है

हरियाणा सीएम बोले– पंजाब की जनता भ्रष्टाचार से परेशान
- कृषि मेले में सैनी ने गिनाए किसानों और व्यापारियों के लिए योजनाएं
- डबल इंजन सरकार से हरियाणा में तेजी से विकास: सैनी
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार का ईमानदारी का नकाब अब उतर चुका है और वहां की जनता वादाखिलाफी व भ्रष्टाचार से परेशान है।
मुख्यमंत्री सोमवार को हिसार में आयोजित कृषि मेले के शुभारंभ के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज पंजाब की जनता हरियाणा में विकास के माहौल और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं के हित में कई योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ सीधे आमजन तक पहुंच रहा है। इससे प्रदेश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में व्यापारियों को राहत देने के लिए नई नीति लागू की गई है, जिससे अनावश्यक मुकदमेबाजी में कमी आई है और व्यापारिक माहौल बेहतर हुआ है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार जनता के कल्याण के लिए समर्पित है, जिसका परिणाम है कि हरियाणा तेजी से प्रगति कर रहा है। फसल खरीद प्रक्रिया में रजिस्ट्रेशन के नए नियमों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अधिकारियों को प्रक्रिया सरल बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


