सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा: झूला गिरने से इंस्पेक्टर की मौत, 13 घायल
हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित विश्व प्रसिद्ध सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले में शनिवार को एक ऊँचा झूला गिरने से वहां तैनात एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए

'सुनामी' झूला बना मौत का झूला, चीख-पुकार के बीच मचा हड़कंप
- वीडियो वायरल: झूला अचानक जमीन पर गिरा, मेला मैदान खाली कराया गया
- बहादुरी और त्रासदी साथ-साथ- दुकानदार ने बचाए कई लोग, इंस्पेक्टर जगदीश शहीद
- तकनीकी खराबी या लापरवाही? हादसे की जांच में जुटा प्रशासन, झूलों का संचालन रोका गया
चंडीगढ़। हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित विश्व प्रसिद्ध सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले में शनिवार को एक ऊँचा झूला गिरने से वहां तैनात एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए।
मृतक की पहचान मेला झूला प्रभारी निरीक्षक जगदीश के रूप में हुई है, जिन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा 'सुनामी' नामक झूले पर हुआ, जिस पर उस समय करीब 18 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झूला अचानक ऊपर जाकर अटक गया था, जिससे उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। मेले में मौजूद दुकानदार राघव ने बताया कि उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए झूले पर चढ़कर करीब 7-8 लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा। लेकिन जैसे ही वे नीचे आए, झूला अचानक तेज गति से अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया।
इस भयावह घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूले को ऊपर से सीधे जमीन पर गिरते हुए देखा जा सकता है। हादसे के वक्त वहां राहत और बचाव कार्य में जुटे इंस्पेक्टर जगदीश झूले के मलबे की चपेट में आ गए। उनके अलावा घायलों में सिपाही राजेश, बलराम, अनुज कुमार और पूजा नाम की महिला शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से तुरंत पूरे मेला मैदान को खाली करा दिया है।
पुलिस ने घटनास्थल को अपने घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है कि क्या यह हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या सुरक्षा मानकों में कोई कोताही बरती गई थी। वर्तमान में मेले में झूलों के संचालन को रोक दिया गया है।


