Top
Begin typing your search above and press return to search.

ईंधन कीमतों में कटौती की मांग तेज, इनेलो ने सरकार को दिया अल्टीमेटम

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता संपत सिंह ने एक बार फिर केंद्र सरकार से बढ़ती ईंधन कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की है

ईंधन कीमतों में कटौती की मांग तेज, इनेलो ने सरकार को दिया अल्टीमेटम
X

चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता संपत सिंह ने एक बार फिर केंद्र सरकार से बढ़ती ईंधन कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर 31 मई तक पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दाम कम नहीं किए गए तो एक जून से पूरे हरियाणा में इनेलो के कार्यकर्ता बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

संपत सिंह ने गुरुवार को कहा कि आम जनता पहले से ही महंगाई से परेशान है और ऊपर से लगातार बढ़ते दाम लोगों की कमर तोड़ रहे हैं। उनका कहना है कि चुनाव से पहले जो उम्मीदें लोगों को दी जाती हैं, चुनाव के बाद वही उम्मीदें टूट जाती हैं और फिर कीमतें बढ़ा दी जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारें केवल वोट के समय राहत देने की बात करती हैं, लेकिन बाद में आम आदमी को महंगाई के बोझ तले छोड़ दिया जाता है।

उन्होंने गैस सिलेंडर और कॉमर्शियल ईंधन के दामों का जिक्र करते हुए कहा कि घरेलू सिलेंडरों के साथ ही कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे होटल, छोटे व्यापारी और आम उपभोक्ता सभी प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक आर्थिक मुद्दा नहीं है, बल्कि सीधे तौर पर हर घर के बजट को प्रभावित करने वाला मामला है।

संपत सिंह ने कहा कि आज देश में हर वर्ग चाहे किसान हो, मजदूर हो, व्यापारी हो या नौकरीपेशा कर्मचारी सभी महंगाई से परेशान हैं। उनके मुताबिक, छोटे और मध्यम वर्ग पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और कंपनियां दोनों मिलकर कीमतों से मुनाफा कमा रही हैं, जबकि इसका बोझ आम जनता पर पड़ रहा है।

उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव आता रहता है। उसका फायदा आम जनता तक नहीं पहुंचता, लेकिन उसका बोझ जनता को ही उठाना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि अगर 31 मई तक उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 1 जून से हर जिले में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन होंगे। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर आएंगे और जबरदस्त विरोध करेंगे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it