Top
Begin typing your search above and press return to search.

पीएम मोदी से जुड़े फेक वीडियो मामले में चंडीगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई, आरोपी को नोटिस जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फेक वीडियो के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो को गलत तरीके से प्रधानमंत्री मोदी से जोड़कर शेयर किया जा रहा था

पीएम मोदी से जुड़े फेक वीडियो मामले में चंडीगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई, आरोपी को नोटिस जारी
X

चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फेक वीडियो के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो को गलत तरीके से प्रधानमंत्री मोदी से जोड़कर शेयर किया जा रहा था। इसमें प्रधानमंत्री के बारे में अभद्र और गलत टिप्पणियां भी की गई थीं।

चंडीगढ़ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवरदीप कौर ने बताया कि चंडीगढ़ के एक शिकायतकर्ता ने पुलिस को सूचित किया था कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है। वीडियो वास्तव में किसी और व्यक्ति का था, लेकिन उसे पीएम मोदी से जोड़कर वायरल किया गया।

एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा, "जब हमने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर प्राथमिक जांच शुरू की तो पता चला कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा यह गलत पोस्ट शेयर किया गया। इनमें अभद्र टिप्पणियां की गईं, जो आईटी एक्ट का सीधा उल्लंघन है।"

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मधु को नोटिस जारी किया। एसएसपी ने बताया, "हमने मधु को बुलाया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुईं। हमारी टीम दोबारा उन्हें नोटिस देने गई है। आगे जो भी कानूनी कार्रवाई जरूरी होगी, वह की जाएगी।"

कंवरदीप कौर ने आगे कहा कि बाकी सोशल मीडिया हैंडल्स के संबंध में पुलिस सोशल मीडिया कंपनियों और संबंधित प्रोवाइडर्स से संपर्क में है। दोषियों की पहचान कर उन्हें सख्ती से कानून के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में कुछ बयान दर्ज किए गए हैं और आगे की जांच जारी है।

यह मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान और संवैधानिक पद की गरिमा से जुड़ा होने के कारण काफी संवेदनशील माना जा रहा है। चंडीगढ़ पुलिस फेक न्यूज और मॉर्फ्ड वीडियो के प्रसार को रोकने के लिए सतर्क है। ऐसे वीडियो न केवल व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि देश की सर्वोच्च संस्थाओं के प्रति जनता में गलत धारणा भी फैलाते हैं।

एसएसपी कंवरदीप कौर ने स्पष्ट किया कि पुलिस सोशल मीडिया पर फैल रही गलत सूचनाओं पर नजर रखे हुए है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ऐसी फेक कंटेंट को बिना जांचे शेयर न करें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it