केप्टिव पॉवर प्लांट के मजदूरों को साल भर से भुगतान नहीं
पिछले सप्ताह भर से प्लांट के सामने धरने पर बैठे ठेका श्रमिकों एवं ट्रांसपोर्टरों को स्थानीय विधायक चुन्नीलाल साहू ने समर्थन देते हुए इनकी मांग को शीघ्र पूरी किए जाने की बात कही थी

त्रिपक्षीय वार्ता में प्रशासन ने प्रबंधन को लगाई फटकार
जांजगीर। आरसमेटा स्थित एसएलपीजीएल कैप्टिव पॉवर प्लांट से एक वर्ष पूर्व निकाले गए 180 ठेका श्रमिक एवं ट्रांसपोर्टरों द्वारा लंबित भुगतान की मांग को लेकर किए जा रहे धरना प्रदर्शन एवं हड़ताल को लेकर आज अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय जांजगीर में त्रिपक्षीय वार्ता के दौरान मजदूरों एवं ट्रांसपोर्टरों के भुगतान शीघ्र किये जाने का निर्देश प्रशासन की ओर से दिया गया। जिससे धरना कर रहे लोगों ने उम्मींद की किरण जागी है।
पिछले सप्ताह भर से प्लांट के सामने धरने पर बैठे ठेका श्रमिकों एवं ट्रांसपोर्टरों को स्थानीय विधायक चुन्नीलाल साहू ने समर्थन देते हुए इनकी मांग को शीघ्र पूरी किए जाने की बात कही थी। मगर प्रबंधन के टाल मटोल रवैये से मामला अभी तक अधर में ही लटका है। ज्ञात हो कि एसएलपीजीएल केप्टिव पॉवर प्लांट प्रबंधन द्वारा जुलाई 2017 को 180 ठेका श्रमिकों को निकाल दिया गया था साथ ही प्लांट में ट्रांसपोर्टिंग का कार्य कर रहे कम्पनियों को विगत एक वर्ष से भुगतान नहीं किया गया है।
प्लांट प्रबंधन की उदासीनता को देखते हुए निकाले गए ठेका श्रमिकों एवं ट्रांसपोर्टरों द्वारा जिला प्रशासन को पत्र लिखकर लंबित भुगतान को निश्चित समय सीमा के अंदर नहीं किए जाने की स्थिति में 26 मार्च से धरना प्रदर्शन एंव हड़ताल किए जाने की सूचना दी गई थी।
प्लांट प्रबंधन द्वारा कोई पहल नहीं करने पर आज ठेका श्रमिकों एवं ट्रांसपोर्टरों द्वारा एसएलपीजीएल केप्टिव पॉवर प्लांट के मेन गेट के सामने धरना प्रदर्शन करते हुए हड़ताल प्रारंभ कर दिया गया। धरना प्रदर्शन एवं हड़ताल की सूचना पर विधायक चुन्नीलाल साहू द्वारा धरना स्थल पर ठेका श्रमिकों एंव ट्रांसपोर्टरों की मांगो का समर्थन करते हुए जिला प्रशासन एवं एसएलपीजीएल केप्टिव पॉवर प्लांट के प्रबंधकों से समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की बात कही गई।
हड़ताल मे बाल मुकंद वर्मा एवं गौरव प्रताप सिंह ने बताया कि एसएलपीजीएल केप्टिव पॉवर प्लांट द्वारा ठेका श्रमिकों को निकाले जाने एवं ट्रांसपोर्टरों को भुगतान नही किये जाने से उन्हे आर्थिक एंव मानसिक परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। एक वर्ष बीत जाने के बाद भी प्लांट प्रबंधन द्वारा कोई पहल नहीं किये जाने से श्रमिकों एवं ट्रांसपोर्टरों में आक्रोश पनप रहा है। इसी मुद्दे को लेकर मजदूरों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई थी। जिस पर आज हुई त्रिपक्षीय वार्ता में प्रशासन की ओर से प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुये लंबित भुगतान शीघ्र किये जाने का निर्देश दिया है।
लंबित भुगतान कराने दिया गया निर्देश-एसडीएम
इस संबंध में जांजगीर एसडीएम अजय उरांव ने बताया कि केप्टिव पॉवर प्लांट के मजदूरों व ट्रांसपोर्टरों के लंबित भुगतान को लेकर किये जा रहे धरना समाप्त कराने दोनो पक्षों के बीच वार्ता कराई गई। साथ ही प्रबंधन की ओर से आये प्रतिनिधि से भुगतान शीघ्र कराने के निर्देश दिये गये है।


