किसानों को खैरात देकर, सरकार अपमानित कर रही है : राजकुमार
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन का जिला सम्मेलन सोमवार को किसान भवन में संपन्न हुआ

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन का जिला सम्मेलन सोमवार को किसान भवन में संपन्न हुआ। जिसमें बेरला साजा और बेमेतरा ब्लॉक के किसान प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष आई.के. वर्मा ने किसानों को संबोधित करते किसानों को संगठित होकर समस्याओं के लिए एकजुटता के साथ संघर्ष करने की बात कही।
चुनाव जीता तो किसानों के खेत तक पानी पहुंचाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी - योगेश तिवारी
छ.ग. जनता कांग्रेस के महासचिव एवं बेमेतरा विधानसभा के प्रत्याशी योगेश तिवारी ने कहा कि आज सरकार बेरोजगारों के साथ छल व प्रलोभन देकर किसानों एवं युवाओं को बेरोजगार बनाना चाहते हैं, आप सभी के आषीर्वाद से चुनाव जीतकर आऊंगा तो किसानों के खेत तक पानी पहुंचाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। यशवंत साहू ने कहा कि आजादी के बाद आज तक जिले में सिंचाई की कोई परियोजना नहीं आई है, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। किसानों ने बिजली संकट और पशुओं द्वारा फसल चराने की समस्या को लेकर भारी आक्रोश व्यक्त किया और कुछ किसानों ने फसल खराब होने के बावजूद बीमा का लाभ और सूखा राशि नहीं मिलने की शिकायत की।
हमको सरकार से भीख नहीं, अधिकार चाहिए - पंचम साहू
संयोजक राजकुमार गुप्त ने कहा कि आजादी के बाद अब तक की सरकारें किसानों के साथ सिर्फ राजनीतिक छल किया है। जिसके चलते किसानों की आर्थिक स्थिति अत्यंत खराब हो गई है। रमन सरकार किसानों को खैरात के रूप में बोनस एवं शून्य प्रतिषत ब्याज पर कर्ज और नि:शुल्क बिजली जैसे खैरात देकर निरंतर अपमानित कर रही है लेकिन कृषि उपज का उचित व लाभकारी दाम नहीं दे रही है। किसानों को खैरात और सरकार का एहसान नहीं बल्कि समाज में सम्मान पूर्वक जीने का अधिकार चाहिए। जिलाध्यक्ष रामसहाय वर्मा ने कहा कि बेमेतरा जिला कृषि प्रधान जिला है। यहां पर गन्ने के अलावा प्रचुर मात्रा में सोयाबीन का उत्पादन होता है, इसलिए कृषि आधारित उद्योग शक्कर कारखाना एवं सोया प्लांट लगाने की बात कही। उद्योग नहीं होने से किसानों को उनके उपज का सही दाम नहीं मिल पाता। पंचम साहू ने कहा कि किसानो द्वारा उत्पादित सभी फसलो को समर्थन मूल्य निर्धारित दर पर खरीदा जाए। संगठनात्मक रूप से मजबूत होकर अपने हक और अधिकार के लिए लड़े, हमको सरकार से भीख नहीं अधिकार चाहिए।
समस्या निराकरण नहीं होने पर, दी आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन की पुरानी जिला कमेटी को पुन: ध्वनिमत से यथावत पारित किया गया, जहां बड़ी संख्या में युवा किसान भी मौजूद रहे। साथ ही युवा प्रगतिशील किसान संगठन गठित करने का निर्णय लेते हुये योगेश वर्मा को जिला के संयोजक का दायित्व सौंपा गया है। जानवर प्रबंधन और बिजली कटौती के मुद्दों पर संगठन द्वारा निर्णय लिया गया है कि सप्ताह के भीतर में समस्या निराकरण नहीं किया जाता है, तो आंदोलन के लिए उतारू हो सकते है, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। कार्यक्रम में जिला महासचिव पंचम साहू, उत्तम चंद्राकर, प्रमोद पवार, कल्याण सिंह ठाकुर, शंकर राव, युवराज चंद्राकर, तोरण नायक, राजेंद्र पटेल, उमाशंकर साहू, रामदयाल पटेल, बजरंग साहू, नरेंद्र कुमार साहू, गोवर्धन वर्मा, बलराम साहू, संतराम साहू, धर्मेंद्र वर्मा, प्रदीप साहू, प्रकाश वर्मा, लाला भारती, चूड़ामणि साहू, कोमल मानदेय, ऋषि ठाकुर, दुर्गेश वर्मा, हुकुम वर्मा एवं क्षेत्र के किसान उपस्थित थे।


